अवैध कॉलोनियों पर कलेक्टर सख्त: खेतों की जमीन पर प्लॉट काट रहे थे, 10 कॉलोनाइजरों पर एफआईआर – Bhopal News

अवैध कॉलोनियों पर कलेक्टर सख्त:  खेतों की जमीन पर प्लॉट काट रहे थे, 10 कॉलोनाइजरों पर एफआईआर – Bhopal News



अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई को लेकर कलेक्टर की नाराजगी अब जमीन पर दिखने लगी है। प्रशासन ने एक ही दिन में 10 कॉलोनाइजरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की है। इसके अलावा 6 अन्य मामलों में एफआईआर के आवेदन पहले ही थानों को भेजे जा चुके हैं। इन 6 मामलों में दस्तावेज पूरे नहीं हैं। इसलिए फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी है। अधिकारियों के अनुसार गुरुवार या शुक्रवार तक इन मामलों में भी केस दर्ज हो जाएंगे। प्रशासन ने अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई के लिए 115 कॉलोनियों की सूची तैयार की है। यह कार्रवाई पंचायत अधिनियम के तहत की जा रही है। देहात एसपी आरएस प्रजापति ने बताया कि परवलिया और ईटखेड़ी थानों में 10 एफआईआर के आवेदन मिले हैं। इनके आधार पर जमीन मालिकों के खिलाफ केस दर्ज किए जा रहे हैं। परवलिया थाना प्रभारी रोहित नागर के अनुसार, उनके थाने में 3 एफआईआर के आवेदन आए हैं। इनमें अहमद अनीस, ऐमन अनीस और सालेह अनीस के नाम शामिल हैं। कुराना क्षेत्र में तीनों के नाम पर डेढ़-डेढ़ एकड़ जमीन है। इस पर अवैध कॉलोनी विकसित की गई। प्लॉट बेचने के सबूत भी मिले हैं। ईटखेड़ी थाना प्रभारी आशीष सप्रे ने बताया कि उनके थाने में 6 एफआईआर की प्रक्रिया चल रही है। एफआईआर के बाद प्रॉपर्टी मालिकों के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे। सस्ती जमीन खरीदी, महंगे दाम पर प्लॉट बेच रहे जांच में सामने आया है कि कॉलोनाइजर 200 से 500 रुपए प्रति वर्ग फीट के रेट पर कृषि भूमि खरीदते हैं और केवल मुरम-गिट्टी डालकर अस्थायी सड़क बनाकर प्लॉटिंग कर देते हैं। इसके बाद इन्हीं प्लॉटों को 1 हजार से 1500 रुपए प्रति वर्ग फीट तक की दर से बेचा जा रहा है। कई जगह न सड़क है, न नाली, न बिजली-पानी की व्यवस्था, फिर भी टीएंडसीपी से मंजूर कॉलोनियों के बराबर दाम वसूले जा रहे हैं। इन इलाकों में होगी कार्रवाई… प्रशासन ने जगदीशपुर, मुबारकपुर, सेवनिया ओंकारा, कोटर, पिपलिया बेरखेड़ी, कुराना, थुआखेड़ा, सुरैया नगर, छावनी पठार, कान्हासैया, सिंकदराबाद, शोभापुर, जहेज, कोलुआखुर्द, नरेला वाज्याफ्त, बंगरसिया, अरेड़ी, परेवाखेड़ा, हज्जामपुरा ईटखेड़ी सड़क, अरवलिया, चौपड़ा कलां, बांसिया, गोलखेड़ी और बसई को कार्रवाई के लिए चिह्नित किया है। एफआईआर, तोड़फोड़ होगी जिन कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलेगी, वहां एफआईआर के साथ तोड़फोड़ की कार्रवाई भी की जाएगी। सभी एसडीएम को निर्देश दे चुके हैं। -कौशलेंद्र विक्रम सिंह, कलेक्टर पुलिस मिलते ही कार्रवाई 113 अवैध कॉलोनियों की लिस्ट बना ली है। पुलिस बल उपलब्ध होते ही कार्रवाई करेंगे। दो थानों में एक ही दिन में 10 से ज्यादा एफआईआर करा रहे हैं। -विनोद सोनकिया, एसडीएम, हुजूर



Source link