विधायकों के आवासों के तीसरे फेज की तस्वीर पहली बार: स्पीकर का बंगला पौने 5 करोड़, नेता प्रतिपक्ष का सवा 4 करोड़ रुपए में बनेगा – Bhopal News

विधायकों के आवासों के तीसरे फेज की तस्वीर पहली बार:  स्पीकर का बंगला पौने 5 करोड़, नेता प्रतिपक्ष का सवा 4 करोड़ रुपए में बनेगा – Bhopal News




भविष्य के परिसीमन को ध्यान में रखते हुए मध्य प्रदेश विधानसभा अपने परिसर को बड़े स्तर पर विस्तार देने जा रही है। इसके तहत अरेरा हिल्स में जहां 300 विधायकों के लिए नए आवास बनाए जा रहे हैं, अब वहीं स्पीकर, नेता प्रतिपक्ष और प्रमुख सचिव के लिए 4 से 5 करोड़ रुपए तक की लागत वाले नए बंगले भी प्रस्तावित हैं। अभी विधानसभा में विधायकों की संख्या 230 है। स्पीकर का नया बंगला 4.76 करोड़, डिप्टी स्पीकर और नेता प्रतिपक्ष का बंगला 4.24 करोड़ में और विधानसभा के प्रमुख सचिव का बंगला 4.09 करोड़ में बनने वाला है। विधायकों के लिए बन रहे नए घर के पास अब 15.38 करोड़ रुपए में स्विमिंग पूल, जिम और रेस्टोरेंट भी बनाया जाएगा। विधानसभा के स्तर पर तैयारी लगभग हो गई है। यह काम तीन चरणों में होगा। पहले चरण का कार्य विधायक विश्रामगृह के पास शुरू हो गया है। इसके तहत विधायकों के लिए 102 आवास बनाए जा रहे हैं। दूसरे फेज में 198 आवास बनेंगे। इसके लिए 189.38 करोड़ रुपए रखे गए हैं। छह मंजिल वाले आठ टॉवर खड़े होंगे। सूत्र बता रहे हैं कि तीसरे चरण में स्पीकर, डिप्टी स्पीकर, नेता प्रतिपक्ष और प्रमुख सचिव के बंगलों का प्रस्ताव है। इस पर कुल 66.19 करोड़ रु. खर्च होंगे। यह सारा निर्माण विधायक विश्रामगृह के आसपास की जमीन पर होना है। विधानसभा के लिए निर्माण का पूरा काम पीडब्ल्यूडी कर रहा है। पहले, दूसरे व तीसरे चरण के सभी काम आने वाले दो-तीन वर्षों में करने की तैयारी है। इस पर 389 करोड़ रु. खर्च का अनुमान है। कहीं तस्वीरों में ही न बचे अरेरा हिल्स की हरियाली करीब साढ़े 17 करोड़ से बनेंगे 4 बंगले स्पीकर, डिप्टी स्पीकर, नेता प्रतिपक्ष और प्रमुख सचिव के बंगले का डिजाइन डुप्लेक्स की तरह होगा। ओपन लॉन एरिया के साथ तमाम सुविधाएं होंगी। चारों बंगले एक ही जगह पर होंगे। यह जी (ग्राउंड)+ एक होंगे। अभी भी ये विधानसभा के पूल वाले बंगलों में रहते हैं। इधर, वेतन-भत्ते भी बढ़ाने की तैयारी है…
विधानसभा सूत्रों का कहना है कि विधायकों के वेतन-भत्ते बढ़ाने के प्रस्ताव को भी तकरीबन सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। यह 1.65 लाख से 1.70 लाख प्रतिमाह होने वाला है। वर्तमान में यह 1.10 लाख रुपए प्रतिमाह है। बताया गया है कि आने वाले बजट सत्र में नई वेतन व्यवस्था लागू हो जाएगी।



Source link