इंदौर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पिछले पांच महीनों से एक शातिर बदमाश लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा है। हीरानगर, तिलकनगर और परदेशीपुरा इलाके में अब तक करीब छह वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। ताजा मामला परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के नंदानगर का है, जहां मंदिर से लौट रही एक महिला की चेन लूटकर बदमाश फरार हो गया। परदेशीपुरा पुलिस ने क्लर्क कॉलोनी निवासी चंपाबाई जैन की शिकायत पर स्कूटर सवार लुटेरे के खिलाफ चेन स्नैचिंग का मामला दर्ज किया है। पीड़िता गृहिणी है और रोज की तरह 13 जनवरी को दिगंबर मंदिर दर्शन करने गई थी। मंदिर से लौटकर जब वह अपने घर में दाखिल हुई, तभी स्कूटर सवार बदमाश पीछे से घर में घुस आया और झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन लूट ली। इस दौरान चेन का कुछ हिस्सा पीड़िता के हाथ में ही रह गया। महिला ने शोर मचाकर मदद मांगी, जिस पर घर से उनकी बहू बाहर आई, लेकिन तब तक आरोपी स्कूटर लेकर मौके से फरार हो चुका था। पुलिस ने बुधवार को मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले भी कर चुका है कई वारदातें पुलिस के अनुसार आरोपी इससे पहले 14 सितंबर को सुखलिया क्षेत्र के मार्थोमा स्कूल के पास वारदात कर चुका है। इसके बाद उसने पंडित दीनदयाल नगर, तिलक नगर के जैन मंदिर, बख्तावर राम नगर और क्लर्क कॉलोनी में भी महिलाओं के साथ इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दिया। अब परदेशीपुरा इलाके में चेन लूट के साथ एक पर्स लूट की वारदात को भी अंजाम दिया गया है। हर बार की तरह इस बार भी पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन अब तक बदमाश पुलिस की पकड़ से बाहर है।
Source link