BCCI Central Contract: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) खिलाड़ियों के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में बड़ा बदलाव कर सकता है. BCCI अपनी अगली शीर्ष परिषद की बैठक में अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति के प्रस्तावों के अनुसार भारतीय पुरुष केंद्रीय अनुबंध प्रणाली में संभावित बदलावों पर चर्चा करेगा. बीसीसीआई के सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पांच सदस्यीय चयन समिति ने कुछ प्रस्ताव दिए हैं, हालांकि यह समझा जाता है कि बोर्ड के शीर्ष अधिकारियों को अभी तक ये प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुए हैं और आगामी बैठक में इस पर औपचारिक चर्चा होगी.
सूत्र के मुताबिक, भारतीय पुरुष केंद्रीय टीम के अनुबंधों में ग्रेडिंग प्रणाली में बदलाव की संभावना पर बीसीसीआई की अगली शीर्ष परिषद की बैठक में चर्चा होगी। अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने कुछ प्रस्ताव दिए हैं, जिन पर शीर्ष परिषद की बैठक में विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक की तारीख की घोषणा जल्द ही की जाएगी.
A+ ग्रेड खत्म करने का प्लान!
सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से A+ ग्रेड को खत्म करने का प्लान तैयार किया है. लेकिन इसका अंतिम निर्णय और इसके बाद होने वाले किसी भी मौद्रिक परिवर्तन को सर्वोच्च परिषद की बैठक में मंजूरी मिलने के बाद ही लागू किया जाएगा.