नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) क्रांतिकारी बदलाव करने की तैयारी में है. पता लगा है कि बोर्ड अपने नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम से ए-प्लस कैटेगरी खत्म कर सकता है, इस श्रेणी में रोहित शर्मा-विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह जैसे सुपरस्टार प्लेयर्स को रखा गया था. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भी कुछ इसी तरह की व्यवस्था बनाई है, हमारे पड़ोसी मुल्क में भी टॉप कैटेगरी ही खत्म कर दी गई है.
रोहित-विराट का डिमोशन, बी कैटेगरी में डालेगा बोर्ड?
समाचार एजेंसी एएनआई के सूत्रों की माने तो टेस्ट और टी-20 से संन्यास ले चुके कोहली और रोहित को एक दशक से ज्यादा समय के बाद पहली बार ‘बी’ कैटेगरी में रखा जा सकता है. अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव में वर्तमान चार स्तरीय प्रणाली के बजाय अनुबंधों को केवल तीन श्रेणियों – ए, बी और सी में बदलने की सिफारिश की है. सूत्रों के अनुसार, ए+ श्रेणी में सबसे ज्यादा सात करोड़ रुपये फीस मिलती थी. रोहित-विराट के अलावा इस कैटेगरी में जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा भी शामिल थे.
पिछले कॉन्ट्रैक्ट में कौन सा प्लेयर किस कैटेगरी में?
अप्रैल 2025 में घोषित की गई 2024-25 के केंद्रीय अनुबंध में विराट कोहली, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा को टॉप कैटेगरी ब्रेकेट A+ में रखा गया था. ग्रेड ए में मोहम्मद सिराज, केएल राहुल, शुभमन गिल, हार्दिक पंड्या, मोहम्मद शमी और ऋषभ पंत नाम था. ग्रेड बी में सूर्यकुमार यादव, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, यशस्वी जयसवाल और श्रेयस अय्यर शामिल थे. ग्रेड सी में 19 खिलाड़ी शामिल थे, उनमें से अधिकतर सिर्फ एक ही फॉर्मेट खेलते हैं. जिसमें वरुण चक्रवर्ती, संजू सैमसन, रुतुराज गायकवाड़, आकाश दीप, सरफराज खान, तिलक वर्मा, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई, ईशान किशन, प्रसिद्ध कृष्णा, रिंकू सिंह, अभिषेक शर्मा, रजत पाटीदार, मुकेश कुमार, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, वाशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल और शिवम दुबे का नाम है.