Last Updated:
Pakistan T20 Squad vs Australia: टी-20 वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी करनी है. तीन मैच की टी-20 सीरीज के लिए पाकिस्तानी टीम का ऐलान किया गया, जिसमें शाहीन शाह अफरीदी और बाबर आजम जैसे सीनियर प्लेयर्स तो हैं, लेकिन मोहम्मद रिजवान का नाम गायब है.
कराची: पाकिस्तान के चयनकर्ताओं ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू श्रृंखला के लिए शुक्रवार को तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी को राष्ट्रीय टी-20 टीम में शामिल किया. अफरीदी के घुटने की चोट से वापसी और बाबर आजम के बिग बैश लीग से लौटने के अलावा इस महीने की शुरुआत में श्रीलंका के खिलाफ खेलने वाली टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है. मोहम्मद रिजवान एकबार फिर जगह बनाने में नाकाम रहे हैं. यानी चयनकर्ताओं ने साफ कर दिया है कि रिजवान को टी-20 वर्ल्ड कप में भी शायद ही मौका मिले.
28 जनवरी को पाकिस्तान आएगी ऑस्ट्रेलिया
अफरीदी को ऑस्ट्रेलिया में बिग बैश लीग के दौरान क्षेत्ररक्षण करते हुए घुटने में चोट लग गई थी और वह लाहौर के ‘हाई परफॉर्मेंस सेंटर’ में उपचार के लिए घर लौट आए थे. ऑस्ट्रेलियाई टीम 28 जनवरी को पाकिस्तान पहुंचेगी. अप्रैल 2022 में एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम पाकिस्तान की धरती पर इस प्रारूप में अपनी दूसरी श्रृंखला खेलेगी.
पाकिस्तान ने अबतक नहीं किया स्क्वॉड का ऐलान
पाकिस्तान के चयनकर्ताओं ने अभी तक विश्व कप के लिए अपनी अंतिम टीम की घोषणा नहीं की है. इस बीच पाकिस्तान बोर्ड द्वारा बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के समर्थन में संभावित तौर पर टूर्नामेंट से हटने की अफवाहें बढ़ रही हैं. बीसीबी ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए अपनी टीम को भारत भेजने से इनकार किया है. तीन मैच की टी-20 श्रृंखला के मैच 29 और 31 जनवरी तथा एक फरवरी को होंगे. सभी मैच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले जाएंगे.
पाकिस्तान का स्क्वॉड: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमां, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सईम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान (विकेटकीपर) और उस्मान तारिक
About the Author
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें