दतिया के गोराघटा थाना अंतर्गत हाईवे पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और दो महिलाओं के बीच हुई बहस का एक वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो शनिवार दोपहर का बताया जा रहा है, जो रविवार दोपहर सामने आया। वायरल वीडियो में महिलाएं पुलिस पर जबरन वसूली के आरोप लगाती हुई दिखाई और सुनाई दे रही हैं। वीडियो में महिलाएं गोराघटा थाने में पदस्थ एएसआई मानसिंह से तीखी बहस करती नजर आ रही हैं। वीडियो में दिखाई दे रही महिला की पहचान डबरा निवासी अर्चना बंसल के रूप में हुई है, जिन्हें समाजसेवी बताया जा रहा है। अर्चना बंसल का आरोप है कि उनकी कार का ड्राइवर सीट बेल्ट लगाए हुए था, इसके बावजूद पुलिसकर्मी द्वारा जबरन 500 रुपए का चालान काटा गया। इस दौरान हाइवे पर कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिससे आवागमन आंशिक रूप से बाधित रहा। मौके पर मौजूद अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। आम लोगों का कहना था कि पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग अभियान नियमों के तहत किया जाना चाहिए, न कि इस तरह की मनमानी कार्रवाई कर लोगों को परेशान किया जाए। वहीं, पूरे मामले में गोराघटा थाना प्रभारी टीआई रमेश शाक्य ने बताया कि पुलिस नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। गाड़ी का ड्राइवर सीट बेल्ट नहीं लगाए हुए था, जिस कारण नियमानुसार चालान काटा गया है। उन्होंने जबरन वसूली के आरोपों को निराधार बताया।
Source link