सरई में गोवंश को दिया जहर, तीन मवेशियों की मौत: भूसे में जहरीला पदार्थ मिलाकर खिलाया; पुलिस ने किया केस दर्ज – Singrauli News

सरई में गोवंश को दिया जहर, तीन मवेशियों की मौत:  भूसे में जहरीला पदार्थ मिलाकर खिलाया; पुलिस ने किया केस दर्ज – Singrauli News




सिंगरौली जिले के सरई में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा भूसे में जहरीला पदार्थ मिलाकर गोवंश को खिलाने से तीन मवेशियों की मौत हो गई। यह घटना सरई थाना क्षेत्र के नगर परिषद वार्ड क्रमांक 3, छुहीगड़ई में हुई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, रविवार को स्थानीय लोगों ने वार्ड क्षेत्र में कुछ गोवंशों को बीमार अवस्था में पाया, जबकि दो मृत मिले। सूचना मिलने पर सरई थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने बीमार मवेशियों के इलाज के लिए पशु चिकित्सकों को बुलाया, लेकिन उपचार के दौरान एक और गोवंश की मौत हो गई। इस प्रकार कुल तीन मवेशियों की जान चली गई। खुले में रखा संदिग्ध पदार्थ खाया सरई थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि अज्ञात लोगों ने भूसे में महुआ और कुछ अन्य संदिग्ध जहरीले पदार्थ मिला दिए थे। इसे खुले में रखा गया था, जिसे गोवंश ने खा लिया। इसी कारण यह घटना हुई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल से महुआ और भूसे के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। थाना प्रभारी के अनुसार, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में रोष है और वे दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



Source link