जबलपुर में हिट एंड रन: तेज रफ्तार कार ने कुचला: राहगीर घायल, CCTV वीडियो वायरल; लोगों ने पुलिस को सौंपा ज्ञापन – Jabalpur News

जबलपुर में हिट एंड रन: तेज रफ्तार कार ने कुचला:  राहगीर घायल, CCTV वीडियो वायरल; लोगों ने पुलिस को सौंपा ज्ञापन – Jabalpur News




मध्यप्रदेश के जबलपुर में एक बार फिर हिट एंड रन का मामला सामने आया है। 3 फरवरी को सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार कार ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। घायल व्यक्ति की पहचान नीलेश विनोदिया के रूप में हुई है। वह गोराबाजार थाना क्षेत्र का निवासी है और पेशे से ऑटो चालक है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। स्थानीय लोगों ने गोराबाजार थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि गोराबाजार, बिलहरी और तिलहरी क्षेत्र में जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं। तेज रफ्तार के कारण हो रही सड़क दुर्घटनाएं दरअसल, जहां-जहां सड़क पूरी तरह सपाट है, वहां तेज रफ्तार वाहनों की वजह से लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। हाल ही में गोराबाजार क्षेत्र में सामने आई घटनाओं के बाद स्थानीय लोग दहशत में हैं। इसी को लेकर गोराबाजार के निवासियों ने प्रशासन से इस गंभीर मुद्दे पर संज्ञान लेने की मांग की है। स्थानीय निवासी पवन कनोजिया का कहना है कि गोराबाजार से बिलहरी रोड जबलपुर, मंडला और रायपुर को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इस सड़क पर दिन-रात तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही रहती है, जिसके चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं। कई मामलों में इन दुर्घटनाओं में लोगों की जान भी जा चुकी है। 100 किमी की रफ्तार से दौड़ते हैं वाहन स्थानीय लोगों के मुताबिक इस मार्ग पर वाहन चालकों की रफ्तार अक्सर 100 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रहती है, चाहे दिन हो या रात। इतनी तेज गति में यदि कोई हादसा हो जाए, तो घायल व्यक्ति की जान बचना बेहद मुश्किल हो जाता है। यही वजह है कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से इस सड़क पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाने की मांग कर रहे हैं, ताकि वाहनों की गति नियंत्रित की जा सके। स्पीड ब्रेकर और साइन बोर्ड लगाने की मांग स्थानीय निवासियों ने गोराबाजार थाना प्रभारी से मांग की है कि गोराबाजार से बिलहरी रोड सहित आसपास के क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर बनवाने की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने के लिए चेतावनी बोर्ड भी लगाए जाएं, जिससे सड़क हादसों पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाया जा सके। वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाएगी जानकारी इस पूरे मामले पर गोराबाजार थाना प्रभारी संजीव त्रिपाठी ने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा एक ज्ञापन सौंपा गया है, साथ ही हिट एंड रन से जुड़ा एक वीडियो भी पुलिस को दिया गया है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि लोगों की मांग को गंभीरता से लेते हुए सड़क पर बढ़ते आवागमन और दुर्घटनाओं को लेकर उचित व्यवस्थाओं की जरूरत है। इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर पूरी जानकारी दी जा रही है, ताकि जल्द आवश्यक कदम उठाए जा सकें।



Source link