Last Updated:
India breaks world record in u19 world cup: भारत ने अंडर 19 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को हराकर अपने नाम बड़ा रिकॉर्ड दर्ज कर लिया. टीम इंडिया आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा रन चेज करने वाली टीम बन गई है. भारत ने न्यूजीलैंड के 20 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया
भारत ने अंडर 19 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा रन चेज का बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड.
नई दिल्ली. भारत ने अंडर 19 वर्ल्ड कप सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल कर वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. भारतीय टीम ने अफगानिस्तान की ओर से सेमीफाइनल में रखे गए 311 रन के लक्ष्य को 41.1 ओवर में हासिल कर अपने नाम बड़ा रिकॉर्ड दर्ज कर लिया. टीम इंडिया ने 10वीं बार फाइनल में एंट्री मारी. यह अंडर 19 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे बड़ा रन चेज है. भारत ने इस दौरान न्यूजीलैंड का 20 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक भारत और न्यूजीलैंड की टीमें ही 300 से ज्यादा का स्कोर चेज कर पाई हैं. इससे पहले न्यूजीलैंड ने साल 2006 में आयरलैंड के खिलाफ 305 रन का लक्ष्य हासिल किया था.
भारत ने आरोन जॉर्ज (115 रन) के शानदार शतक के साथ आईपीएल स्टार वैभव सूर्यवंशी (68 रन) और आयुष म्हात्रे (62 रन) की धमाकेदार अर्धशतकीय पारियों की मदद से अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर आईसीसी अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में प्रवेश किया. भारत अब शुक्रवार को फाइनल में इंग्लैंड से भिड़ेगा. यह अंडर-19 टूर्नामेंट में भारत का 10वां फाइनल होगा.
भारत ने अंडर 19 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा रन चेज का बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड.
अफगानिस्तान के लिए शिनोजादा और नियाजई ने शतक जड़े
अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए फैसल शिनोजादा (110) और उजैरुल्लाह नियाजई (101) के शतकों की मदद से 310 रन बनाए. लेकिन भारत ने यह लक्ष्य 41.1 ओवर में ही हासिल कर लिया. इस तरह अंडर-19 विश्व कप में भारत ने अब तक के सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा किया. आरोन (104 गेंद, 15 चौके, दो छक्के) ने बेहतरीन शॉट्स की मदद से शतक जड़ा. उन्हें सूर्यवंशी (33 गेंद, नौ चौके, चार छक्के) और म्हात्रे (59 गेंद, पांच चौके, चार छक्के) का पूरा साथ मिला जिससे भारत का रन-रेट पूरे समय सात से ऊपर ही रहा.
सूर्यवंशी ने अपने चिर परिचित अंदाज में बाउंड्री की झड़ी लगाई
सूर्यवंशी ने अपने चिर परिचित अंदाज में बाउंड्री की झड़ी लगाकर पारी को शानदार शुरुआत दी जिसमें ऑफ-स्पिनर वाहिदुल्लाह जादरान के खिलाफ उन्होंने कई बेहतरीन शॉट्स लगाए. इसमें किस्मत ने भी उनका साथ दिया क्योंकि नियाजाई ने अब्दुल अजीज की गेंद पर बाएं हाथ के इस बल्लेबाज का कैच छोड़ दिया, तब वह 22 रन पर थे. लेकिन इसके बावजूद सूर्यवंशी ने काफी आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने तेज गेंदबाज नूरिस्तानी उमरजई की गेंद पर एक शानदार हेलीकॉप्टर शॉट से छक्का भी लगाया. सूर्यवंशी ने अपनी पारी में बार बार पुल शॉट खेलने की कोशिश की जो आखिरकार उनके आउट होने का कारण बना. उमरजई की गेंद पर वह सर्कल के अंदर उस्मान सादात के हाथों कैच आउट हुए.
वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार फिफ्टी
वैभव और जॉर्ज ने 93 रन की साझेदारी की
इस तरह पहले विकेट की साझेदारी 93 रन पर खत्म हुई. लेकिन आरोन ने फिर म्हात्रे के साथ मिलकर 102 गेंद में 114 रन की साझेदारी की और 27वें ओवर में भारत को 200 के पार पहुंचाया. म्हात्रे इस टूर्नामेंट में अपनी लय पाने के लिए संघर्ष कर रहे थे और उन्होंने सही समय पर अर्धशतक जड़ा. एक बार फिर आरोन ने ‘एंकर’ की भूमिका बखूबी निभाई जबकि म्हात्रे ने टीम को जरूरी रन रेट से आगे रखने के लिए जोखिम भरे शॉट खेले. म्हात्रे के आउट होने के बावजूद आरोन ने सहजता से बल्लेबाजी करना जारी रखा. उन्होंने एक भी शॉट आक्रामक होते हुए नहीं लगाया.
आरोन जॉर्ज ने 95 गेंद पर शतक पूरा किया
जादरान और रूहुल्लाह अरब की गेंदों पर उनके कवर ड्राइव देखने लायक थे. उन्होंने मिड-विकेट के पास एक शानदार शॉट से चार रन बटोरकर 95 गेंद में अपना शतक पूरा किया. आरोन और विहान मल्होत्रा ने तीसरे विकेट के लिए 96 रन जोड़े जिससे भारत आसानी से जीत की ओर बढ़ रहा था. हालांकि आरोन टीम को जीतते हुए देखने के लिए क्रीज पर नहीं टिक सके और 40वें ओवर में जादरान का शिकार हुए. पर तब जीत के लिए केवल 11 रन चाहिए थे.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें