छतरपुर जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र में सोमवार करीब 5 बजे एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में युवक का एक पैर कट गया। घायल की पहचान ईशानगर निवासी देवेंद्र उर्फ मुन्नू विश्वकर्मा के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार, देवेंद्र सुबह मेमो ट्रेन पकड़ने का प्रयास कर रहा था, तभी वह ट्रेन के नीचे आ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही आरक्षक धर्मेंद्र मिश्रा और पायलट सूरज अहिरवार की डायल-112 टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने एफआरव्ही की मदद से घायल युवक को तुरंत छतरपुर जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे ग्वालियर रेफर कर दिया। घायल की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। डायल-112 टीम ने बताया कि सूचना पर त्वरित कार्रवाई कर घायल को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं।
Source link