Last Updated:
Arshdeep Singh T20 World Cup 2026: अर्शदीप सिंह टी20 वर्ल्ड कप में भारत के सबसे सफल गेंदबाज बनने से सिर्फ चार विकेट दूर हैं. नामीबिया के खिलाफ अर्शदीप चार विकेट लेने में कामयाब हो गए तो वह अश्विन का रिकॉर्ड तोड़कर भारत के लिए इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंबाज बन जाएंगे. अश्विन ने 24 टी20 वर्ल्ड कप मैच खेले, जिनमें 32 विकेट चटकाए. अर्शदीप के नाम अभी 29 विकेट हैं.
अर्शदीप सिंह के पास इतिहास रचने का मौका
नई दिल्ली. भारतीय टीम 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ अपना दूसरा टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने उतरेगी. इस मुकाबले में स्टार पेसर अर्शदीप सिंह के पास आर अश्विन का एक महारिकॉर्ड ध्वस्त करने का मौका होगा. दरअसल, अर्शदीप सिंह इस टूर्नामेंट के इतिहास में भारत के सबसे सफल गेंदबाज बनने की दहलीज पर हैं. अपना तीसरा टी20 वर्ल्ड कप खेल रहे अर्शदीप सिंह अब तक 29 विकेट चटका चुके हैं. वह नामीबिया के खिलाफ मैच में चार विकेट लेते ही अश्विन का रिकॉर्ड तोड़ देंगे और भारत के लिए सबसे ज्यादा टी20 वर्ल्ड कप विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे. अश्विन ने 32 विकेट चटकाए थे.
इतिहास रचने पर अर्शदीप की नजर
अर्शदीप ने अब तक 15 टी20 वर्ल्ड कप मैच खेले हैं, जिनमें 29 शिकार किए हैं. अर्शदीप ने 2022 में पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खेला था. इसके बाद 2024 में वह भारत की विजेता टीम का हिस्सा रहे और अब अपना तीसरा टी20 वर्ल्ड कप खेल रहे हैं. टी20 वर्ल्ड कप में भारत के सबसे सफल गेंदबाज आर अश्विन रहे हैं. अश्विन ने 24 मैचों में 32 विकेट लिए हैं. ओवरऑल गेंदबाजों की लिस्ट में अर्शदीप 19वें स्थान पर और अश्विन 13वें स्थान पर हैं.
अर्शदीप सिंह के पास इतिहास रचने का मौका
टॉप-5 में नहीं कोई भारतीय गेंदबाज
चौंकाने वाली बात यह है कि 2007 से खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप में जहां टॉप-5 रन स्कोरर में विराट कोहली और रोहित शर्मा मौजूद हैं, वहां गेंदबाजों की टॉप-5 लिस्ट में कोई भारतीय शामिल नहीं है. अर्शदीप सिंह के पास अश्विन का रिकॉर्ड तोड़ने के अलावा टॉप-10 में एंट्री के साथ ही टॉप-5 में भी जगह बनाने का मौका है.
भारत के लिए सबसे ज्यादा टी20 वर्ल्ड कप विकेट लेने वाले बॉलर
आर अश्विन – 32
अर्शदीप सिंह – 29
जसप्रीत बुमराह – 26
हार्दिक पंड्या – 24
रवींद्र जडेजा – 22
टॉप-5 में कौन-कौन शामिल?
इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे सफल गेंदबाज बांग्लादेश के शाकिब अल हसन हैं. शाकिब ने 2007 से 2024 के बीच 43 मैचों में 50 विकेट लिए हैं. श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा दूसरे स्थान पर हैं. हसरंगा ने 2021 से 2026 के बीच अब तक खेले 20 मैचों में 40 विकेट लिए हैं. पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी 34 मैचों में 39 विकेट लेकर तीसरे स्थान पर हैं. चौथे स्थान पर अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान हैं. राशिद ने 2016 से 2026 के बीच अब तक खेले 24 मैचों में 38 विकेट लिए हैं. पांचवें नंबर पर श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा हैं. मलिंगा ने 31 मैचों में 38 विकेट लिए हैं.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें