पेटलावद के राजापुरा मोहल्ले की निवासी पार्वतीबाई ने जनसुनवाई में अपनी पेंशन रुकने की शिकायत की। उनकी पेंशन पिछले कई महीनों से नहीं मिल रही है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्वतीबाई के पति बाबूलाल दगल नगर परिषद पेटलावद में सफाई कर्मचारी थे, जिनका सेवाकाल के दौरान निधन हो गया था। पति की मृत्यु के बाद से उन्हें नियमित रूप से पेंशन मिल रही थी। हालांकि, अक्टूबर 2025 से उनके खाते में पेंशन की राशि नहीं आई है। उन्होंने जीवित प्रमाण-पत्र सहित सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी कर ली थीं, फिर भी विभाग द्वारा पेंशन जारी नहीं की गई। पेंशन रुकने के कारण पार्वतीबाई के सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है। उनके पास आय का कोई अन्य स्रोत नहीं है और वे इसी राशि से परिवार का पालन-पोषण करती हैं। उम्र के इस पड़ाव में वे अक्सर बीमार रहती हैं, और अब उनके पास दवाई खरीदने के लिए भी पैसे नहीं हैं। पार्वतीबाई ने यह भी बताया कि उनके पति के सेवाकाल के दौरान बचे हुए अर्जित अवकाश की राशि का भुगतान भी नगर परिषद द्वारा लंबे समय से रोका गया है। उन्होंने इस संबंध में कई बार आवेदन किया है। जनसुनवाई में मौजूद नगर परिषद के प्रभारी सीएमओ एवं सहायक कलेक्टर आशीष कुमार ने वृद्धा की समस्याओं को सुना। उन्होंने पार्वतीबाई को आश्वासन दिया कि उनकी रुकी हुई पेंशन और अर्जित अवकाश की राशि के संबंध में जल्द ही जांच कर समाधान किया जाएगा।
Source link