PAK vs USA: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 12वें मैच में पाकिस्तान का सामना अमेरिका से हो रहा है. कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में यूएसए के कप्तान मोनांक पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन में एक बड़ा बदलाव हुआ है. सलमान अली आगा ने टॉस पर बताया कि इस मैच में स्पिनर उस्मान तारिक खेल रहे हैं.
पाक कप्तान ने उस्मान तारिक के बारे में कहा कि हम उन्हें मौका देना चाहते थे, क्योंकि वो मैच विनर हैं और हमारे लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं. बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए सीरीज में उस्मान तारिक ने अच्छी गेंदबाजी की थी और अनोखे बॉलिंग एक्शन के चलते सुर्खियों में भी रहे थे.
उस्मान तारिक पर दांव लगा रहा है पाकिस्तान
बता दें कि 28 साल के उस्मान तारिक ने अभी तक सिर्फ 3 T20I खेला है, लेकिन कप्तान सलमान आगा की नजर में वो मैच विनर हैं और पाकिस्तान के ‘तुरुप का इक्का’ साबित हो सकते हैं. उस्मान का सबसे मजबूत पक्ष उनका बॉलिंग एक्शन है, जिसके कारण काफी बवाल भी मच चुका है. देखना दिलचस्प होगा कि वो अमेरिका के खिलाफ कैसा प्रदर्शन करते हैं और फिर उसी हिसाब से ये पता लगेगा कि उस्मान भारत के लिए खतरा बन सकते हैं या नहीं.
PAK vs USA: दोनों टीमों की प्लेइंग XI
पाकिस्तान (प्लेइंग इलेवन): सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, उस्मान तारिक, अबरार अहमद
अमेरिका (प्लेइंग इलेवन): एंड्रीज़ गौस (विकेटकीपर), शयान जहांगीर, मोनांक पटेल (कप्तान), मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, शुभम रंजने, हरमीत सिंह, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वैन शल्कविक, एहसान आदिल, सौरभ नेत्रावलकर
15 फरवरी को भारत-पाक की जंग
लंबे समय तक चले विवाद के बाद अब ये साफ हो गया है कि 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेम दासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला जाएगा. 9 फरवरी को पाकिस्तान ने इस मैच को बहिष्कार करने के फैसले को वापस लिया.
ये भी पढ़ें: 25 चौके-छक्के, 175 रन… NZ vs UAE मैच में 92 गेंद पर तबाही, बना डाला वर्ल्ड रिकॉर्ड