मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने बुधवार को विदिशा दौरे के दौरान जिला कांग्रेस कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राजनीतिक चुनौतियां बढ़ेंगी, इसलिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना जरूरी है। बैठक में उन्होंने शहर कांग्रेस अध्यक्ष रवि साहू को हर वार्ड में कमेटियां बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कमेटियों में सभी समाज और वर्गों के लोगों को शामिल किया जाए, ताकि संगठन मजबूत और संतुलित बने। जयवर्धन सिंह ने साफ कहा कि बूथ स्तर तक सक्रिय टीम तैयार करना ही चुनाव जीतने की सबसे बड़ी तैयारी है। कार्यकर्ताओं से सक्रियता बढ़ाने की अपील उन्होंने नव नियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों से पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ काम करने को कहा। साथ ही कार्यकर्ताओं को नियमित जनसंपर्क, घर-घर संपर्क अभियान और स्थानीय मुद्दों पर सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की असली ताकत है। जिला अध्यक्ष की पहल की सराहना जयवर्धन सिंह ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी निजी दुकान को कांग्रेस कार्यालय में बदलकर कार्यकर्ताओं के लिए समर्पित स्थान उपलब्ध कराया है, जो सराहनीय कदम है। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं से भी अपील की कि वे नियमित रूप से कार्यालय आएं और कार्यकर्ताओं से संवाद बनाए रखें। बताया जा रहा है कि जयवर्धन सिंह विदिशा में एक विवाह समारोह में शामिल होने आए थे। इसी दौरान उन्होंने पार्टी कार्यालय पहुंचकर संगठनात्मक बैठक में भाग लिया।
Source link