शिवपुरी जिले के करैरा में अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है। रविवार अलसुबह करैरा थाना क्षेत्र के चिरली तिराहा के पास हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी है।
.
शनिवार सुबह घरियाली मोहल्ला, पुराना बाजार निवासी अधिवक्ता संजय सक्सेना अपनी बाइक से न्यायालय जा रहे थे। आनंद सागर मंदिर के पीछे सिद्धन रोड पर घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गोलू पुत्र अरविंद रावत (25) निवासी घुघसी, थाना बड़ौनी; पपेंद्र पुत्र हरदास रावत (23) निवासी चांदपुर, डबरा; और जहीर पुत्र रफीक मुसलमान (24) निवासी घुघसी, थाना बड़ौनी शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने बताया कि घटना के बाद कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। रविवार सुबह चिरली तिराहा के पास आरोपियों के छिपे होने की सूचना मिली।
पुलिस पर फायरिंग की जब पुलिस टीम वहां पहुंची, तो आरोपी पपेंद्र रावत ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पपेंद्र के पैर में दो गोलियां लगीं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
इस हत्याकांड में पुलिस ने शनिवार शाम को ही शिक्षक कमलेश शर्मा, उनके सरपंच चाचा सुनील शर्मा, नीरज शर्मा और उनके साथी आशीष परिहार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अधिवक्ता संजय सक्सेना जमीनी विवादों के मामलों में पैरवी करने और मुकदमे जीतने के लिए जाने जाते थे। परिजनों ने पहले ही जमीनी रंजिश और चुनावी विवाद को हत्या का कारण बताया था।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की सुपारी कितनी रकम में दी गई थी और पूरे षड्यंत्र में किन-किन लोगों की भूमिका रही। आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।
यह खबर भी पढ़ें… वकील की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या
शिवपुरी जिले में शनिवार को दिनदहाड़े एक वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि एडवोकेट संजय कुमार सक्सेना (57) रोज की तरह बाइक से कोर्ट जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात करैरा कस्बे की है। पूरी खबर पढ़ें