ZIM vs IRE मैच में बारिश बनेगी विलेन तो किस टीम की चमकेगी किस्मत? समझें सुपर-8 का पूरा गणित

ZIM vs IRE मैच में बारिश बनेगी विलेन तो किस टीम की चमकेगी किस्मत? समझें सुपर-8 का पूरा गणित


What happened if ZIM vs IRE Match Washed Out: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच हर मैच के साथ बढ़ते जा रहा है. मंगलवार (आज) को पल्लेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में जिम्बाब्वे का सामना आयरलैंड से होगा. ये मुकाबला 2021 की टी20 विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया की किस्मत का फैसला भी करेगा. हालांकि, इसमें नया ट्विस्ट ये है कि जिम्बाब्वे बनाम आयरलैंड मैच पर बारिश का साया है. ताजा जानकारी के मुताबिक पल्लेकेले में मौसम खराब है और इसी वजह से अभी तक टॉस नहीं हो सका है. बड़ा सवाल ये है कि अगर ये मुकाबला बारिश की वजह से धुल जाता है तो ग्रुप-बी के पॉइंट्स टेबल पर क्या असर पड़ेगा?

पहले तो ये बता दें कि ग्रुप-बी से श्रीलंका की टीम सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर चुकी है. सोमवार, 16 फरवरी को उन्होंने कंगारुओं का शिकार कर इतिहास रच दिया. श्रीलंका से मिली शर्मनाक हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने की दहलीज पर है. ये कहना गलत नहीं होगा कि ऑस्ट्रेलिया अब भगवान भरोसे है, लेकिन फिलहाल भगवान भी उनका साथ नहीं दे रहे हैं.

जिम्बाब्वे बनाम आयरलैंड मैच रद्द हुआ तो क्या होगा?

Add Zee News as a Preferred Source


सुपर-8 में पहुंचने के लिए जिम्बाब्वे क सिर्फ एक जीत की दरकार है. अगर वो आयरलैंड को हराने में कामयाब होते हैं तो ऑस्ट्रेलिया का पैकअप हो जाएगा और इस ग्रुप से श्रीलंका और जिम्बाब्वे की टीम सुपर-8 में पहुंच जाएगी. हालांकि, अगर ये मुकाबला बारिश की वजह से धुल जाता है तो भी इससे ऑस्ट्रेलिया का ही नुकसान है.

दरअसल, पॉइंट्स टेबल पर नजर डालें तो जिम्बाब्वे के दो मैचों में 4 अंक हैं. अगर ये मैच रद्द हुआ तो उन्हें एक अंक मिल जाएगा और 5 पॉइंट के साथ वो सुपर-8 में क्वालिफाई कर जाएंगे. वहीं, ऑस्ट्रेलिया का अगला मैच ओमान से है. इस मुकाबले को जीतने के बाद भी वो 4 अंक तक ही पहुंच पाएंगे, जो सुपर-8 में पहुंचने के लिए काफी नहीं होगा.

अगर आयरलैंड से हारा जिम्बाब्वे तो क्या होगा?

ऑस्ट्रेलिया को फिलहाल ये दुआ करनी होगी कि जिम्बाब्वे बनाम आयरलैंड मैच में बारिश विलेन नहीं बने और ये मुकाबला हो. साथ ही उन्हें आयरलैंड की जीत की प्रार्थना करनी होगी. अगर जिम्बाब्वे हारता है तो ऑस्ट्रेलिया के लिए सुपर-8 का दरवाजा खुल जाएगा. उसके बाद जिम्बाब्वे को सुपर-8 में जगह बनाने के लिए श्रीलंका को हराना होगा, जो इतना आसान नहीं होगा. वहीं, ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया का आखिरी मैच ओमान से है, जिसके खिलाफ वो बड़े अंतर से जीत हासिल कर सकते हैं.

ऑस्ट्रेलिया के लिए क्या है समीकरण?

अगर जिम्बाब्वे अपने बाकी बचे दोनों मैच हार जाता है और ऑस्ट्रेलिया आखिरी मुकाबले में ओमान को बड़े अंतर से हराने में सफल होता है तो मामला नेट रन रेट पर चला जाएगा. इस स्थिति में अगर ऑस्ट्रेलिया का नेट रन रेट जिम्बाब्वे से बेहतर रहा तो वो सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर जाएगा. राह कठिन है, लेकिन क्रिकेट में कुछ भी नामुमकिन नहीं है.

ये भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया को चमत्कार की दरकार… जिम्बाब्वे की एक गलती से खुल जाएगा सुपर-8 का दरवाजा, समझें पूरा समीकरण

 



Source link