ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय रेलवे ने कोहरे के कारण ट्रेनों पर लगाई गई पाबंदियों को इस बार 12 दिन पहले ही समाप्त करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही जिन ट्रेनों के स्टॉपेज कम किए गए थे या जिन्हें आंशिक रूप से रद्द किया गया था, उन्हें अब उनके नियमित रूट पर फिर से चलाया जा रहा है। रेलवे के नए आदेश के बाद नई दिल्ली से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी तक ताज एक्सप्रेस को दोबारा शुरू कर दिया गया है, जिससे यात्रियों में खुशी है। फरवरी से पहले खत्म हुई कोहरे की पाबंदी हर साल फरवरी में कोहरा कम हो जाता है, लेकिन रेलवे आमतौर पर 28 फरवरी तक ट्रेनों के संचालन में कटौती जारी रखता है। इस बार मौसम को देखते हुए रेलवे ने पहले ही आदेश बदलते हुए कई ट्रेनों को पटरी पर लौटा दिया है। यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत नई दिल्ली–झांसी के बीच चलने वाली ताज एक्सप्रेस में बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। खासतौर पर ग्वालियर से झांसी तक रोजाना अप-डाउन करने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन बेहद उपयोगी मानी जाती है। पिछले करीब दो महीनों से यह ट्रेन नई दिल्ली से ग्वालियर तक ही आकर प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर लगभग साढ़े चार घंटे खड़ी रहती थी। अब ट्रेन अपने तय समय और पूरे रूट पर चलेगी, जिससे प्लेटफॉर्म नंबर तीन भी खाली रहेगा और अन्य ट्रेनों को जगह मिल सकेगी। बरौनी मेल पर फैसला बाकी हालांकि कई ट्रेनें सामान्य संचालन में लौट आई हैं, लेकिन बरौनी मेल को लेकर अभी कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है। उम्मीद है कि जल्द ही इसे भी नियमित रूप से चलाने का निर्णय लिया जाएगा, जिससे यात्रियों को और राहत मिलेगी।
Source link