दमोह में बिजली चोर 34 लोगों पर केस दर्ज: केबल में कट लगाकर कर रहे थे चोरी, 2 लाख रुपए जुर्माना भरना होगा – Damoh News

दमोह में बिजली चोर 34 लोगों पर केस दर्ज:  केबल में कट लगाकर कर रहे थे चोरी, 2 लाख रुपए जुर्माना भरना होगा – Damoh News




दमोह शहर में बिजली चोरी के खिलाफ गुरुवार दोपहर को बड़ी कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर जांच कर 34 लोगोंओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए और 2 लाख रुपए से अधिक का जुर्माना लगाया। यह कार्रवाई कार्यपालन अभियंता मोतीलाल साहू के निर्देश पर शहर में बढ़ते लाइन लॉस को कम करने और राजस्व हानि रोकने के उद्देश्य से चलाए गए विशेष जांच अभियान के तहत की गई। सहायक अभियंता राघवेंद्र इडिपाचे के मार्गदर्शन में एक टीम का गठन किया गया, जिसने शहरी क्षेत्रों में बिजली चोरी पकड़ने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान पुराना थाना, 14 क्वार्टर धर्मपुरा, मांगज वार्ड 1, बिलवारी मुहल्ला, फुटेरा वार्ड और सीताबावरी जैसे क्षेत्रों में मीटरों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान पाया गया कि कई लोगों मे खंभों से सीधे केबल डालकर, केबल में कट लगाकर या पोल से तार जोड़कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे। टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए कुल 34 प्रकरण दर्ज किए। बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 और 138 के तहत मामले दर्ज किए गए। विभाग ने 2 लाख रुपये से अधिक की रिकवरी भी निर्धारित की है। कार्रवाई के दौरान लाइन कर्मचारी और आउटसोर्स कर्मचारी भी मौजूद थे। कुछ स्थानों पर उपभोक्ताओं ने विवाद करने का प्रयास किया, लेकिन बिजली अधिकारियों ने सख्ती से कार्रवाई पूरी की। कार्यपालन अभियंता मोतीलाल साहू ने बताया कि यह चेकिंग अभियान लाइन लॉस कम करने और राजस्व हानि को रोकने के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं पर मामला दर्ज कर जुर्माना लगाया जा रहा है। साहू ने आम नागरिकों से नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



Source link