‘मैं अपनी औकात में हूं’, कैलाश विजयवर्गीय को उमंग सिंघार ने ऐसे दिया जवाब; विधानसभा में हंगामा

‘मैं अपनी औकात में हूं’, कैलाश विजयवर्गीय को उमंग सिंघार ने ऐसे दिया जवाब; विधानसभा में हंगामा


Last Updated:

मध्य प्रदेश विधानसभा में बजट सत्र के दौरान कैलाश विजयवर्गीय और उमंग सिंघार के बीच जोरदार बहस हुई और कई अपशब्दों का भी प्रयोग किया गया. बाद में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सबकी तरफ से माफी भी मांग ली, लेकिन अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए उमंग सिंघार ने जवाब दिया है.

Zoom

उमंग सिंघार और कैलाश विजयवर्गीय

मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन जमकर हंगामा हुआ, जब मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और कांग्रेस नेता उमंग सिंघार के बीच जमकर गहमागहमी हुई. जब विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार बोल रहे थे, तो उन्होंने इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों को लेकर विजयवर्गीय पर निशाना साधा. इस पर दोनों पक्षों में टकराव हो गया.

कैलाश विजयवर्गीय ने कही ये बात
दोनों तरफ के आरोप-प्रत्यारोप और टकराव की स्थिति को देखते हुए 7 बार विधानसभा की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा. इस बीच मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के लिए औकात में रहो, जैसे शब्दों का भी इस्तेमाल किया. जिसे लेकर कांग्रेस ने विजयवर्गीय के इस्तीफे की मांग कर डाली.

उमंग सिंघार ने दिया जवाब
अब नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर नाराजगी दिखाई है. उन्होंने लिखा है कि माननीय कैलाश विजयवर्गीय जी, मैं अपनी औकात में हूं. मेरी औकात मध्यप्रदेश की 7.5 करोड़ जनता के सवालों को आपकी अहंकारी सत्ता के सामने मुखरता से रखने की है. मेरी इसी औकात ने आपको इतना बौना बना दिया कि आपके अंदर का असली चेहरा बाहर आ गया, मेरी इसी औकात ने आपको भागीरथपुरा पर बहस करने पर मजबूर किया.

ये अपशब्द केवल उमंग सिंघार या किसी एक नेता प्रतिपक्ष के लिए नहीं थे. यह मध्यप्रदेश की 7.5 करोड़ जनता का अपमान है. जनता को कीड़े-मकोड़े समझने की मानसिकता रखने वाले मंत्री विजयवर्गीय ने असल में अपने अहंकार का परिचय दिया है. 35 परिवार उजड़ गए, लोग बेघर हो गए और सवाल पूछने पर ‘औकात में रहो’ कहा जाता है?





Source link