विदिशा में वन विभाग की टीम पर हमला: सागौन तस्करों ने 3 वनकर्मियों को पीटा, एक महिला कर्मचारी से की बदसलूकी – Vidisha News

विदिशा में वन विभाग की टीम पर हमला:  सागौन तस्करों ने 3 वनकर्मियों को पीटा, एक महिला कर्मचारी से की बदसलूकी – Vidisha News




विदिशा जिले के शमशाबाद वन परिक्षेत्र के ग्राम छापर उमरिया में अवैध सागौन पकड़ने गई वन विभाग की टीम पर वन माफियाओं ने हमला कर दिया। गुरुवार को हुए इस हमले में तीन वनकर्मी घायल हुए हैं, जिनमें से एक के सिर में गंभीर चोट आने पर उसे विदिशा जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के समय टीम जब्त की गई लकड़ी को वन चौकी ले जा रही थी। हमले को लेकर वन परिक्षेत्र अधिकारी ने शमशाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वन परिक्षेत्र अधिकारी संगीता अमलतास को मुखबिर से सूचना मिली थी कि छापर गांव में अवैध रूप से सागौन की लकड़ी काटकर उसका फर्नीचर बनाया जा रहा है। इस सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और विधिवत सर्च वारंट लेकर टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान टीम ने बड़ी मात्रा में कीमती सागौन की लकड़ी और मशीनें जब्त कीं। लकड़ी ले जाते समय की घेराबंदी जब वन विभाग की टीम जब्त की गई लकड़ी और मशीनों को वन चौकी ले जाने की तैयारी कर रही थी, तभी आरोपियों और उनके समर्थकों ने टीम की घेराबंदी कर हमला कर दिया। इस दौरान हमलावरों ने एक महिला वनकर्मी के साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी भी की। 108 एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचे घायल हमले में कुल तीन वनकर्मी घायल हुए हैं। इनमें वनरक्षक चंद्रभान विश्वकर्मा के सिर में गंभीर चोट आई है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद विदिशा जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, रामरुचि शर्मा सहित अन्य घायल कर्मचारियों का उपचार शमशाबाद स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया था। सोशल मीडिया पर पहले भी दी थी धमकी घटना के बाद यह बात भी सामने आई है कि हमलावरों द्वारा पूर्व में सोशल मीडिया पर भी वन विभाग को धमकी दी गई थी। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध कटाई और वन माफियाओं के खिलाफ उनका अभियान लगातार जारी रहेगा। सरकारी अमले पर हमला करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। विमलेश और बलराम सहित अन्य पर एफआईआर वन परिक्षेत्र अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। शमशाबाद थाना प्रभारी राजपाल सिंह यादव ने बताया कि आरोपी विमलेश और बलराम अहिरवार सहित अन्य के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और अवैध कटाई का मामला (एफआईआर) दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है।



Source link