टीम इंडिया के ओपनर अभिषेक शर्मा की टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शुरुआत खराब रही है, वह ग्रुप स्टेज में लगातार तीन बार बिना खाता खोले आउट हो गए. अभिषेक शर्मा के खराब प्रदर्शन ने चिंता बढ़ा दी है, लेकिन भारतीय टीम मैनेजमेंट अभी भी उनका पूरा साथ दे रहा है. टीम इंडिया के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल ने उन्हें बाहर करने की किसी भी बात को खारिज कर दिया और कहा, ‘ग्रुप में अभिषेक शर्मा के बारे में बिल्कुल कोई बात नहीं हुई. वह टीम और दर्शकों के लिए अच्छा प्रदर्शन करेंगे. वह एंटरटेनिंग हैं. वह नेट्स में गेंद को अच्छी तरह से मार रहे हैं.’
जीरो की हैट्रिक लगाने वाले अभिषेक शर्मा का कटेगा पत्ता?
इसके अलावा असिस्टेंट कोच रयान टेन डोएशेट ने भी अभिषेक शर्मा का साथ दिया और कहा कि बीमारी से ठीक होने के बाद ट्रेनिंग में उसने अच्छा फॉर्म दिखाया. रयान टेन डोएशेट ने कहा कि अभिषेक शर्मा ने नेट्स में अच्छी बैटिंग की और अगले फेज में ठीक हो जाएगा. भारत के सुपर 8 में पहुंचने के साथ, टीम को उम्मीद है कि अभिषेक शर्मा कॉन्फिडेंस वापस पा लेगा और जब सबसे ज्यादा जरूरत होगी तब अच्छा परफॉर्म करेगा.
गावस्कर ने भी बताया था दमदार प्लेयर
इससे पहले सुनील गावस्कर ने ‘स्टार स्पोर्ट्स’ पर कहा, ‘अभिषेक शर्मा एक अच्छे खिलाड़ी हैं, लेकिन उम्मीदें उन पर भारी पड़ रही हैं. अगर उन्होंने यूएसए के खिलाफ अच्छी शुरुआत की होती, तो बात अलग होती. अब लंबे छक्के मारने वाला और टॉप बैटर होने का दबाव नजर आ रहा है. अपनी शॉट रेंज के साथ, उन्हें ओवरों के बीच में समय बिताने की जरूरत है.’
अभिषेक शर्मा की फॉर्म में अचानक गिरावट
सुनील गावस्कर ने आगे कहा, ‘वह अपनी पारी की पहली गेंद पर बाउंड्री या छक्का मारने की कोशिश नहीं कर सकते. अगर बड़े शॉट लगते हैं, तो ठीक है, लेकिन उन्हें खुद को लाइन के पार बड़े शॉट खेलने के लिए मजबूर नहीं करना चाहिए.’ बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभिषेक शर्मा की फॉर्म में अचानक गिरावट देखने को मिली है. अभिषेक शर्मा टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार तीन बार डक पर आउट हुए हैं. अभिषेक शर्मा ने इस टूर्नामेंट में अब तक सात गेंदें खेली हैं, लेकिन अभी भी अपना पहला रन बनाने और शुरुआत करने का इंतजार कर रहे हैं.