Mohammad Amir का बड़बोला बयान… बोले- ‘सुपर-8’ में ही खत्म होगा टीम इंडिया का सफर, बताई ये वजह

Mohammad Amir का बड़बोला बयान… बोले- ‘सुपर-8’ में ही खत्म होगा टीम इंडिया का सफर, बताई ये वजह


Mohammad Amir: टी20 विश्व कप 2026 अपना आधा सफर तय कर चुका है. ग्रुप स्टेज के मुकाबले हो चुके हैं. अब सुपर 8 की बारी है, जिसमें 20 में से कुल 8 टीमों ने जगह बना ली है. ग्रुप A से भारत और पाकिस्तान की टीम ने सुपर 8 में एंट्री मारी है. टीम इंडिया को सुपर 8 के ग्रुप 1 में जगह मिली है, जिसमें साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे भी हैं. हर टीम एक-दूसरे से मैच खेलेगी और आखिर में जो टॉप पर रहेगी, वो सेमीफाइनल में एंट्री कर लेगी. टीम इंडिया ने पहले 4 मैच जीते हैं और उसे खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है, लेकिन सुपर 8 की जंग से पहले पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने एक बड़बोला बयान दिया है.

मोहम्मद आमिर ने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि भारतीय टीम का सफर सुपर 8 में ही खत्म हो जाएगा, वो सेमीफाइनल में एंट्री नहीं कर पाएगी. इसके पीछे की वजह भी आमिर ने बताई है. आमिर ने ये बयान तब दिया है जब टीम इंडिया पिछले तीन आईसीसी टूर्नामेंट में अजेय रही है.

क्या बोले मोहम्मद आमिर?

‘हारना मना है’ शो के दौरान जब एंकर ने मोहम्मद आमिर से ग्रुप A से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमों के बारे में पूछा तो उन्होंने जवाब दिया, ‘दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज.’ जब एंकर ने पूछा कि क्या भारत अंतिम चार में नहीं पहुंचेगा, तो आमिर ने सिर हिलाते हुए कहा कि ऐसा ही होगा. इसके पीछे की वजह बताते हुए आमिर ने कहा, ‘अगर आप उनके मैच देखें तो पाकिस्तान के खिलाफ मैच को छोड़कर बाकी सभी मुकाबलों में बल्लेबाजी लड़खड़ाई है. सुपर 8 में दबाव और बढ़ेगा. जिस तरह दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज खेल रहे हैं, वे किसी भी टीम को हरा सकते हैं.’

Add Zee News as a Preferred Source


अभिषेक फ्लॉप, तिलक बड़ी पारी नहीं खेल पाए

दरअसल, भारत ने ग्रुप स्टेज में अमेरिका, नामीबिया, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स को मात दी है. आखिरी मुकाबला उसने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में नीदरलैंड्स को हराकर अपने नाम किया. हालांकि टीम का प्रदर्शन पूरी तरह संतोषजनक नहीं रहा है, खासकर बल्लेबाजी में कई कमियां नजर आई हैं. इस दफा पहले तीन मैचों में अभिषेक शर्मा का खाता नहीं खुला, जबकि तिलक वर्मा बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं. भारतीय बल्लेबाजी को देखते हुए आमिर का मानना है कि दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज जैसी टीमें भारत की कमजोरियों का फायदा उठा सकती हैं.

सुपर 8 में कब-कब हैं भारत के मैच?

भारत अपने सुपर 8 अभियान की शुरुआत रविवार, 22 फरवरी को अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करेगा. इसके बाद उसे 26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे से भिड़ना है. इसके बाद 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज से बड़ा मैच है. ग्रुप 2 में पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और श्रीलंका की टीमें हैं. जो भी टॉप 2 टीमें होंगी, वो सेमीफाइनल में एंट्री करेंगी. सुपर 8 मुकाबलों की शुरुआत 21 फरवरी को कोलंबो में होगी, जहां पाकिस्तान का सामना न्यूजीलैंड से आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होगा.

ये भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: ग्रुप स्टेज से बाहर हुई टीम तो पूर्व कप्तान ने कर दिया संन्यास का ऐलान, चेन्नई में खेला आखिरी मुकाबला



Source link