बैतूल के गोठाना स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में कचरा प्रबंधन में लापरवाही और ठेकेदार को अधिक भुगतान की शिकायत पर शनिवार को नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त संकेत भोंडवे ने मौके का निरीक्षण किया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और विधायक हेमंत खंडेलवाल की शिकायत के बाद सक्रिय हुए विभाग के आयुक्त ने नगर पालिका अधिकारियों को 15 दिन के भीतर ट्रेंचिंग ग्राउंड से पूरा कचरा हटाने और 3 से 4 दिन के अंदर बदबू की समस्या का स्थाई समाधान करने के निर्देश दिए हैं। मामले में वर्तमान स्थिति यह है कि जांच शुरू कर दी गई है और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों तथा ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विधायक हेमंत खंडेलवाल ने दो दिन पहले नगरीय प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव को एक पत्र लिखा था। इस पत्र में उन्होंने गोठाना ट्रेंचिंग ग्राउंड परियोजना में भारी लापरवाही बरतने और ठेकेदार को आवश्यकता से अधिक भुगतान किए जाने की शिकायत की थी। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई थी। इस शिकायत पर विभागीय स्तर पर तुरंत संज्ञान लिया गया और आयुक्त स्वयं बैतूल पहुंच गए। रहवासियों ने बताई बदबू और बीमारी की समस्या निरीक्षण के दौरान स्थानीय रहवासियों ने आयुक्त संकेत भोंडवे को अपनी परेशानियां बताईं। लोगों ने कहा कि कचरे से उठने वाली तेज बदबू और वहां से निकलने वाले दूषित पानी के कारण क्षेत्र में बीमारी फैलने का खतरा काफी बढ़ गया है। इसके अलावा, वायु प्रदूषण के साथ-साथ आवारा कुत्तों और मवेशियों की समस्या भी बनी रहती है। लोगों की शिकायत सुनने के बाद आयुक्त ने इन सभी समस्याओं पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। बायो-ट्रीटमेंट से दूर होगी दुर्गंध, डोर-टू-डोर कलेक्शन भी परखा आयुक्त ने नगर पालिका को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बायो-ट्रीटमेंट के माध्यम से कचरे से उठने वाली दुर्गंध की समस्या को 3 से 4 दिनों के भीतर दूर किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने शहर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरे के संकलन और पुनर्चक्रण (रीसायकल) की व्यवस्था का भी बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वहां स्थित मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर निवास पर हुई समीक्षा बैठक ट्रेंचिंग ग्राउंड और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद आयुक्त भोंडवे ने कलेक्टर निवास पर विधायक हेमंत खंडेलवाल के साथ एक बैठक की। इस बैठक में ट्रेंचिंग ग्राउंड की स्थिति और आगे की कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। आयुक्त ने आश्वस्त किया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त एक्शन होगा। इस पूरे निरीक्षण और कार्रवाई के दौरान कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अक्षत जैन और नगरपालिका के अधिकारी भी मौजूद रहे।
Source link