Last Updated:
मध्य प्रदेश के कई जिलों में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए हैं. कांग्रेस ने एआई समिट में जो प्रदर्शन किया था. उसका जवाब देने के लिए बीजेपी ने मध्य प्रदेश के कई जिलों में कांग्रेस कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया.
आपस में भिड़े बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ता
रिपोर्ट-रामाकांत दुबे/भोपाल
दिल्ली के एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न प्रदर्शन किया था. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की थी. इसके बाद बीजेपी की तरफ से कांग्रेस पर देश की छवि खराब करने का आरोप लगाया गया. अब मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को जवाब देने के लिए बीजेपी के कार्यकर्ता जिले-जिले में प्रदर्शन कर रहे हैं, जहां उनकी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से झड़प हुई है.
इंदौर में बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने की पत्थरबाजी
इंदौर में गांधी भवन में कांग्रेस कार्यालय के बाहर भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए. इसके बाद जमकर पत्थरबाजी हुई. जवाब में पुलिस ने हालात काबू करने की पूरी कोशिश की. इसके बाद वाटर कैनन चलाई. पत्रकार सहित कई लोग घायल हो गए हैं. पुलिस ने भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को मच्छी बाजार चौराहे पर रोक लिया. इधर कांग्रेस कार्यकर्ता जमा हो गए. पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं को दूर से ही रोका.
पूर्व विधायक भी हुए घायल
इस दौरान भारी हंगामा हुआ और दोनों तरफ से पत्थर भी चले. कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग के ऊपर चढ़ गए. इस दौरान खूब नारेबाजी भी हुई और कार्यकर्ता एक-दूसरे को धक्का मारते हुए दिखाई दिए. पूर्व विधायक और कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष कांग्रेस विपिन वानखेड़े घायल हो गए.