बजाज शोरूम में मारपीट का मामला: हरदा पुलिस ने 2 और फरार आरोपियों को दबोचा; फीडबैक कॉल पर हुआ था विवाद, अब तक 4 जेल में – Harda News

बजाज शोरूम में मारपीट का मामला:  हरदा पुलिस ने 2 और फरार आरोपियों को दबोचा; फीडबैक कॉल पर हुआ था विवाद, अब तक 4 जेल में – Harda News




हरदा के इंदौर रोड स्थित बजाज शोरूम में सर्विस एडवाइजर के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इस पूरे मामले में पुलिस अब तक कुल चार आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है। 18 फरवरी को सर्विसिंग के फीडबैक को लेकर हुए विवाद के बाद इन आरोपियों ने शोरूम में घुसकर कर्मचारी की जमकर पिटाई की थी, जिसकी तस्वीरें सीसीटीवी में कैद हो गई थीं। जानकारी के अनुसार, 18 फरवरी को बजाज शोरूम के सर्विस एडवाइजर प्रसंग शर्मा (22) ने एक ग्राहक अरुण कतिया को वाहन सर्विसिंग का फीडबैक लेने के लिए फोन किया था। बातचीत के दौरान अरुण ने सर्विसिंग को लेकर असंतोष जताया। जब कर्मचारी ने उसे वाहन शोरूम लाकर चेक कराने की सलाह दी, तो वह भड़क गया। अरुण ने फोन पर ही धमकी दी और कुछ देर बाद अपने तीन अन्य साथियों के साथ शोरूम पहुंचकर कर्मचारी के साथ गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट की। आकाश और शुभम गिरफ्तार, चारों आरोपी पहुंचे जेल
सिविल लाइन थाना टीआई आर.एस. तिवारी ने बताया कि मामले में फरार चल रहे आरोपी आकाश गोस्वामी (निवासी खेड़ीपुरा) और शुभम शर्मा (निवासी विकास नगर) को गुरुवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इससे पहले पुलिस मुख्य आरोपी अरुण कैथवास (कतिया) और गोविंद लोखंडे को भी गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए कुछ आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है। व्यापारियों और सिंधी समाज ने जताया था कड़ा विरोध
सरेआम शोरूम में घुसकर कर्मचारी के साथ हुई इस गुंडागर्दी के बाद शहर के व्यापारियों और सिंधी समाज में भारी आक्रोश फैल गया था। घटना के तुरंत बाद व्यापारियों और समाज के लोगों ने एकजुट होकर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (SP) को ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने इस गुंडागर्दी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी, जिसके बाद पुलिस ने लगातार दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।



Source link