नीमच पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल होशियार सिंह की आत्महत्या के मामले में अब जांच तेज हो गई है। शनिवार को मंदसौर के एडिशनल एसपी टीएस बघेल ने मृतक की पत्नी और दोनों बेटियों के बयान लिए। यह पूछताछ नीमच के डाक बंगला गेस्ट हाउस में करीब छह घंटे तक चली। होशियार सिंह ने 8 फरवरी को जहर खाकर अपनी जान दे दी थी। मरने से पहले उन्होंने एक सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें आरआई और हेड कांस्टेबल प्रणव तिवारी पर मानसिक तौर पर परेशान करने और पैसों की मांग करने के गंभीर आरोप लगाए गए थे। इस घटना के बाद से ही पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है। पारदर्शिता के लिए वीडियोग्राफी मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच की जिम्मेदारी मंदसौर एडिशनल एसपी को दी गई है। परिजन के बयानों की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई है ताकि पारदर्शिता बनी रहे। परिजन ने जांच अधिकारी को वह सभी जरूरी दस्तावेज और सबूत सौंप दिए हैं जो उनके पिता की परेशानी से जुड़े थे। दोषियों पर केस दर्ज करने की मांग मृतक की बेटी अर्पिता यादव ने बताया कि उनके पिता पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था, जिससे तंग आकर उन्होंने यह घातक कदम उठाया। परिवार ने मांग की है कि सुसाइड नोट के आधार पर दोषियों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए। हालांकि परिवार को जांच पर भरोसा है, लेकिन अब सभी को जांच रिपोर्ट का इंतजार है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
Source link