सतना पुलिस ने अपहरण और दुष्कर्म के एक इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी संदीप उर्फ लल्लू साकेत पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसे मुखबिर की सूचना पर कोलगवां थाना पुलिस ने पकड़ा और कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी ने बताया कि यह मामला 10 जुलाई 2024 का है, जब एक नाबालिग रहस्यमय तरीके से लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। लगभग 16 महीने की गहन खोजबीन के बाद किशोरी को महाराष्ट्र के नासिक से बरामद किया गया। पीड़िता ने कोर्ट में दिए अपने बयान में बताया कि दिनापुर निवासी संदीप उर्फ लल्लू साकेत (22) उसे शादी का झांसा देकर घर से भगा ले गया था और लंबे समय तक उसका दैहिक शोषण किया। इसके बाद मामले में बीएनएस की धारा 87 और पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 जोड़ी गईं। आरोपी संदीप साकेत घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस की लगातार तलाश के बावजूद जब वह पकड़ में नहीं आया, तो पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आखिरकार, मामले की कायमी के तीन महीने बाद शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा।
Source link