पाली के मंगठार जंगल में सड़क किनारे दिखा बाघ: वन विभाग ने निगरानी के लिए टीम को तैनात किया; बाघ गणना भी जारी – Umaria News

पाली के मंगठार जंगल में सड़क किनारे दिखा बाघ:  वन विभाग ने निगरानी के लिए टीम को तैनात किया; बाघ गणना भी जारी – Umaria News




उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली स्थित मंगठार जंगल में शनिवार को सड़क किनारे एक बाघ देखा गया। संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र से जुड़े इस क्षेत्र में बाघ को पेड़ के नीचे बैठा देखा गया। वहां से गुजर रहे कर्मचारियों ने बाघ का वीडियो भी बनाया। घटना के बाद, सुरक्षा कारणों से राहगीरों ने उस मार्ग से आवागमन कम कर दिया है। बाघ की सूचना मिलते ही वन विभाग सक्रिय हो गया। विभाग ने 10 सदस्यीय टीम को मौके पर तैनात कर जंगल में निगरानी शुरू कर दी है। पाली क्षेत्र में इन दिनों बाघ गणना का कार्य भी चल रहा है, जिसके तहत कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं। सामान्य वन मंडल के जंगल में बाघ का दिखाई देना वन विभाग के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से सटे क्षेत्र में बाघ एक्टिव यह क्षेत्र बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से जुड़ा हुआ है। माना जा रहा है कि बाघ अब सामान्य वन मंडल में भी अपनी टेरिटरी बना रहे हैं। संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के कर्मचारी मनोज ने बताया कि उन्होंने सड़क किनारे बाघ को बैठा देखा था। उन्होंने ड्यूटी पर जाने के दौरान सतर्कता बरतने की बात कही। बाघ की मूवमेंट पर 24 घंटे निगरानी, गांवों में सुरक्षा बढ़ी अनुविभागीय अधिकारी दिगेंद्र सिंह ने रविवार को जानकारी दी कि बाघ की मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है। कर्मचारियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार दिन-रात सर्चिंग की जा रही है।उन्होंने बताया कि जंगल से लगे गांवों में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि की आशंका न रहे।



Source link