खंडवा में निर्माणाधीन इंदौर-एदलाबाद नेशनल हाईवे पर गुरुवार दोपहर एक सड़क हादसा हो गया। मोरटक्का चौकी क्षेत्र में ग्राम आली बुजुर्ग के पास फोरलेन का निर्माण कर रही कंपनी की एक तेज रफ्तार कैंपा गाड़ी ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने हाईवे कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कैंपा गाड़ी को जब्त कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, घटना निर्माणाधीन बायपास के रास्ते पर हुई है। मृतक की पहचान 39 वर्षीय दिनेश (पिता शेरू मकवाने), निवासी ग्राम आली बुजुर्ग के रूप में हुई है। दिनेश गुरुवार दोपहर सनावद की तरफ से अपने गांव लौट रहा था। जब वह सर्विस रोड पार करके गांव की तरफ मुड़ रहा था, तभी सड़क निर्माण कर रही केदारेश्वर कंपनी की एक तेज रफ्तार कैंपा गाड़ी ने उसकी बाइक को रौंद दिया। बकरा-बकरी खरीदी का काम करता था मृतक, पत्नी-बेटी का रो-रोकर बुरा हाल मृतक दिनेश का परिवार मुख्य रूप से मजदूरी करता है, जबकि दिनेश खुद बकरा-बकरी की खरीदी-बिक्री के लिए एजेंट का काम करता था। इसी काम के सिलसिले में उसका रोजाना सनावद आना-जाना होता था। दिनेश के परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही दिनेश की पत्नी और बेटी घटनास्थल पर पहुंच गईं और शव के पास उनका रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने ठेकेदार कंपनी के खिलाफ जताया आक्रोश हादसे की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। उन्होंने सड़क निर्माण कर रही केदारेश्वर कंपनी के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया। ग्रामीणों का आरोप है कि हाईवे कंपनी की लापरवाही और तेज रफ्तार वाहन के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और मृतक के परिवार को उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
Source link