वीडियो बनाने से रोका, मंदसौर जिला पंचायत बैठक में विवाद: कांग्रेस सदस्यों ने किया बहिष्कार, गेट पर तालाबंदी कर धरने पर बैठे; अध्यक्ष अंदर फंसे – Mandsaur News

वीडियो बनाने से रोका, मंदसौर जिला पंचायत बैठक में विवाद:  कांग्रेस सदस्यों ने किया बहिष्कार, गेट पर तालाबंदी कर धरने पर बैठे; अध्यक्ष अंदर फंसे – Mandsaur News




मंदसौर जिला पंचायत सभागार में गुरुवार को आयोजित साधारण सभा की बैठक उस समय विवादों में घिर गई जब कांग्रेस से जुड़े जिला पंचायत सदस्यों को बैठक के दौरान वीडियो बनाने से रोक दिया गया। इस पर नाराज सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार करते हुए जिला पंचायत कार्यालय के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर दी और धरने पर बैठ गए। बताया जा रहा है कि कांग्रेस से जुड़े जिला पंचायत सदस्य विभिन्न मुद्दों और सवालों के साथ बैठक में पहुंचे थे। इस दौरान जब उन्होंने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया तो जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार ने उन्हें वीडियो बनाने से रोक दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस हो गई। इसके बाद नाराज सदस्यों ने बैठक से उठकर बाहर आकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। गेट पर ताला लगाकर बैठ गए
प्रदर्शन कर रहे सदस्यों ने जिला पंचायत कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया और धरने पर बैठ गए। करीब डेढ़ घंटा गुजर चुका है, इस तालाबंदी के कारण जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्ग विजय पाटीदार सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि भवन के अंदर ही कैद हैं तो कुछ अधिकारी जिला पंचायत के पीछे के गेट से निकलते हुए नजर आए। विरोध प्रदर्शन में जिला पंचायत सदस्य दीपक सिंह गुर्जर, फौजी जगदीश धनगर, रिंकेश डबकरा, उमराव सिंह, शांतिलाल परिहार, विधायक प्रतिनिधि तरुण खींची और यूथ कांग्रेस जिला महासचिव पंकज कटारिया सहित अन्य लोग शामिल रहे। बोले- लाइव प्रसारण क्यों नहीं हो सकता
जिला पंचायत सदस्य दीपक सिंह गुर्जर ने बताया कि जब देश की संसद, राज्यसभा, विधानसभा और यहां तक कि हाई कोर्ट तथा सुप्रीम कोर्ट की कार्रवाई भी लाइव प्रसारित हो सकती है तो जिला पंचायत की बैठक का लाइव प्रसारण क्यों नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें चुनकर भेजा है और वे जनता की समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखना चाहते थे तथा उसकी जानकारी लोगों तक लाइव माध्यम से पहुंचाना चाहते थे।



Source link