आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच वर्ल्ड कप का फाइनल मैच खेला जाएगा। इस महत्वपूर्ण मुकाबले को लेकर देश भर के साथ बालाघाट में भी क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। फाइनल मैच से पहले, भारतीय टीम की जीत सुनिश्चित करने के लिए बालाघाट में विशेष प्रार्थनाएं की गईं। जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीसीए) कार्यालय के सामने, सचिव निशांत मिश्रा, अन्य पदाधिकारी और क्रिकेट खिलाड़ियों ने भारत माता के चित्र का पूजन किया। उन्होंने सांकेतिक रूप से जीत का कप हाथ में लेकर भारतीय टीम की दोबारा वर्ल्ड कप जीतने की कामना की। बालाघाट के क्रिकेट प्रेमी शाम से शुरू होने वाले इस मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। शहर में फाइनल मैच का सीधा प्रसारण दिखाने के लिए बड़ी एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग भारतीय टीम को वर्ल्ड कप में जीतते हुए देख सकें। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव निशांत मिश्रा ने बताया कि भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय टीम के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का फॉर्म वापस लौटेगा और वे संजू सैमसन के साथ मिलकर टीम को बड़े स्कोर तक ले जाएंगे। मिश्रा ने विश्वास व्यक्त किया कि गेंदबाज बुमराह और उनकी पूरी टीम न्यूजीलैंड को पराजित कर वर्ल्ड कप में दूसरी बार जीत दर्ज करेगी।
Source link