ग्वालियर के पनिहार थाना क्षेत्र में एक किसान ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। घटना नयागांव इलाके की है। कीटनाशक पीने के बाद परिजन किसान को अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां दो दिन इलाज के बाद रविवार रात उसकी मौत हो गई। खेत में अचेत हालत में मिला किसान पनिहार थाना क्षेत्र के नयागांव निवासी नरेश बाथम किसान थे। दो दिन पहले शाम को वह घर से खेत की रखवाली के लिए गए थे। अगले दिन सुबह उनके चचेरे भाई शंकर बाथम गाय लेकर खेत पहुंचे तो नरेश खेत में अचेत अवस्था में पड़े मिले। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों को नरेश ने बताया कि उन्होंने कीटनाशक पी लिया है। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया। इलाज के दौरान हुई मौत दो दिन तक उपचार के बाद रविवार को अस्पताल में नरेश की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पनिहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पनिहार थाना प्रभारी हरेंद्र शर्मा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। किसान ने किन कारणों से यह कदम उठाया, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Source link