मैहर चैत्र नवरात्र-शारदा मेले में VIP दर्शन पर रोक: गर्भगृह में प्रवेश बंद, इस बार ड्रोन से की जाएगी निगरानी – Maihar News

मैहर चैत्र नवरात्र-शारदा मेले में VIP दर्शन पर रोक:  गर्भगृह में प्रवेश बंद, इस बार ड्रोन से की जाएगी निगरानी – Maihar News




चैत्र नवरात्रि के अवसर पर मैहर शारदा देवी धाम में लगने वाले प्रसिद्ध मेले के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार मेले में वीआईपी दर्शन प्रतिबंधित रहेगा और श्रद्धालुओं का गर्भगृह में प्रवेश भी बंद रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। मैहर कलेक्टर रानी बाटड और पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह की उपस्थिति में हुई एक बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मेले के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। एसडीएम दिव्या पटेल ने बताया कि मेला क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति अस्त्र-शस्त्र लेकर नहीं जा सकेगा। पूरे मेला परिसर और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से की जाएगी। यह कदम श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है। श्रद्धालुओं को यातायात जाम से बचाने के लिए ट्रैफिक प्लान में बड़े बदलाव किए गए हैं। मेला क्षेत्र में बाहरी ऑटो का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने अतिरिक्त वाहन लगाए हैं और पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित करने के लिए विशेष टीमें तैनात की हैं। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को ठगने वाले दलालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी और उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। भीड़ में बिछड़ने वाले लोगों की मदद के लिए एक आधुनिक ‘खोया-पाया केंद्र’ भी स्थापित किया जाएगा। पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नगर पालिका और स्वास्थ्य विभाग को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।



Source link