बालाघाट जिले में बुधवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई घटनाओं में तीन लोगों की जिला अस्पताल में मौत हो गई। जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पहली घटना उकवा क्षेत्र की है। पौंडी बैगाटोला निवासी मॉयल कर्मी योगेश ठाकरे (28) पुत्र चमरूलाल ठाकरे उकवा माइंस आ रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। घायल योगेश को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। दूसरी घटना भरवेली थाना क्षेत्र के आंवलाझरी में हुई। हितेश ब्रम्हें (40) पुत्र पुष्कर ब्रम्हें छत से नीचे गिर गए। परिजन उन्हें घायल अवस्था में जिला अस्पताल लाए, लेकिन उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। तीसरी घटना वारासिवनी थाना अंतर्गत सावंगी के तुमड़ीटोला में सामने आई। यहां किसान धूपलाल सहारे (43) पुत्र लखनलाल सहारे अपने खेत में कीटनाशक दवा का छिड़काव करने गए थे। खेत से लौटने के बाद धूपलाल सो गए और काफी देर तक नहीं उठे। चिंतित परिजन उन्हें वारासिवनी अस्पताल ले गए। जहरीली दवा के गंभीर असर को देखते हुए, उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान धूपलाल ने दम तोड़ दिया। अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि तीनों ही मामलों की मर्ग डायरी संबंधित थानों को भेजी जाएगी, जहां आगे की जांच की जाएगी।
Source link