Last Updated:
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले की महेश्वर निवासी और महाकुंभ में वायरल वीडियो से चर्चा में आई मोनालिसा भोंसले ने केरल में अपने प्रेमी फरमान खान से मंदिर में शादी कर ली. परिवार इस फैसले से हैरान है. परिजनों का कहना है कि वह एक्टिंग सीखने गई थी, लेकिन अचानक शादी की खबर से सभी स्तब्ध हैं. परिवार ने इसे जादू-टोना तक बता दिया है.
वायरल गर्ल मोनालिसा ने अपने परिवार पर आरोप लगाए हैं.
खरगोन. महाकुंभ में रुद्राक्ष की माला बेचते हुए वायरल हुई मोनालिसा भोंसले के परिवार का कहना है कि हमारी बेटी पर काला जादू किया गया है, वो तो केरल एक्टिंग के लिए गई थी, पर उसने शादी कर ली और वह भी फरमान खान के साथ, यह बात समझ से बाहर है. मोनालिसा जनवरी में ही 18 साल की हुई है और उसने अपने परिवार की इच्छा के खिलाफ केरल में अपने प्रेमी फरमान खान से मंदिर में शादी कर ली है. इस घटना के बाद खरगोन जिले के महेश्वर स्थित उसके घर में सन्नाटा पसरा हुआ है. परिवार इस फैसले को समझ नहीं पा रहा है और परिजनों का कहना है कि वह एक्टिंग सीखने के लिए गई थी, लेकिन वहां जाकर शादी कर लेना सबके लिए चौंकाने वाला है.
मोनालिसा की दादी प्रमिला घर के बाहर खाट पर बैठी थीं और उन्होंने भी इस विषय पर ज्यादा कुछ कहने से इनकार किया. दादी ने कहा कि मोनालिसा बहुत सीधी लड़की है, केरल के कुछ लोग यहां हमारे घर आए थे. इन्हीं लोगों ने उसे एक्टिंग का ऑफर दिया और उसे केरल लेकर गए. वह तो एक्टिंग के लिए केरल गई थी, लेकिन अचानक उसने शादी कर ली और फिर उसके वीडियो और न्यूज तेजी से वायरल हो रही है. हमें पूरा शक है कि इन लोगों ने उस पर काला जादू किया और वशीकरण के कारण वह शादी से इनकार नहीं कर पाई. उन लोगों ने भोली भाली मोनालिसा को अपने कब्जे में कर लिया है. वहीं परिवार के आसपास के लोग भी इस अचानक हुए घटनाक्रम से हैरान दिखाई दिए.
फिल्म में काम दिलाने के नाम पर केरल ले गए
मोनालिसा के परिजन इस पूरे घटनाक्रम को अचानक हुए बदलाव के रूप में देख रहे हैं. उसके चाचा और अन्य रिश्तेदारों का कहना है कि जनवरी में ही वह 18 साल की हुई थी और उसे फिल्म में काम दिलाने के नाम पर केरल ले जाया गया था. परिवार का आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद परिस्थितियां अचानक बदल गईं और उसने वहीं शादी कर ली. इस घटना ने न केवल परिवार को बल्कि पूरे इलाके को हैरान कर दिया है. कई परिजन इसे जादू-टोना या किसी के प्रभाव का नतीजा भी बता रहे हैं.
वायरल वीडियो से शुरू हुई कहानी
मोनालिसा भोंसले की पहचान उस समय बनी जब प्रयागराज के महाकुंभ में रुद्राक्ष की माला बेचते समय उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में उसकी सादगी और बोलने का अंदाज लोगों को पसंद आया. सोशल मीडिया पर लोकप्रियता मिलने के बाद फिल्म निर्माता उसे फिल्मों में मौका देने के लिए आगे आए. बताया जाता है कि उसे एक फिल्म में मुख्य अभिनेत्री के रूप में साइन भी किया गया.
एक्टिंग सीखने के लिए गई थी केरल
परिवार के अनुसार 2 मार्च को कुछ लोग केरल से महेश्वर आए थे. उन्होंने मोनालिसा को फिल्म में काम दिलाने और अभिनय की ट्रेनिंग देने का भरोसा दिया था. मोनालिसा अपने पिता के साथ उनके साथ केरल चली गई. लेकिन वहां पहुंचने के बाद उसने उन्हीं लोगों में से एक युवक फरमान खान से शादी कर ली. पिता ने इसका विरोध किया, लेकिन वह वापस आने के लिए तैयार नहीं हुई.
पुलिस ने कहा बालिग है युवती
परिवार के लोगों ने केरल के संपन्नूर पुलिस स्टेशन में भी शिकायत दर्ज कराई थी. लेकिन पुलिस ने साफ कहा कि युवती बालिग है और अपनी इच्छा से शादी करने के लिए स्वतंत्र है. इसके बाद परिवार के पास कानूनी तौर पर ज्यादा विकल्प नहीं बचा. इसी वजह से पिता निराश होकर वापस लौट रहे हैं. मोनालिसा के शादी की खबर फैलने के बाद महेश्वर में उसके घर के बाहर सन्नाटा नजर आया. परिजन मीडिया से बातचीत करने से बचते दिखे.
करियर के सपनों के बीच नया मोड़
मोनालिसा के करीबी लोगों का कहना है कि उसका सपना आगे चलकर एक स्कूल खोलने का था. सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के बाद उसे फिल्मों में काम करने का मौका भी मिला. उसने एक फिल्म साइन की थी और हैदराबाद में शूटिंग भी शुरू हो चुकी थी. अभिनय सीखने के लिए वह उज्जैन में प्रशिक्षण भी ले रही थी. अचानक उसने शादी कर ली जबकि अभी उसका फिल्मी कॅरियर शुरू भी नहीं हो पाया है. मोनालिसा ने जिस फरमान खान से शादी की है, वह उत्तर प्रदेश के बागपत जिले का रहने वाला है और फिल्मों में छोटे-मोटे रोल करता है. फरमान का कहना है कि एक्टर का कोई धर्म नहीं होता, सारे धर्मों का हम सम्मान करते हैं.
About the Author
सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्थानों में सजग जिम्मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें