दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात दो बाइकों की भीषण भिड़ंत हो गई। मानपुरा-खेजरा मार्ग पर रंग महल पैलेस के पास हुई इस दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब 9 बजे हुआ। हटा के भिड़ारी निवासी विनोद अहिरवार और गोरेलाल अहिरवार बाइक से अपने गांव लौट रहे थे, तभी सामने से आ रहे पडाझिर निवासी रामकुमार मिश्रा की बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सवार सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए और बाइकें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घायलों की स्थिति सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को हटा सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टर ने विनोद और गोरेलाल की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। तीसरे घायल रामकुमार मिश्रा का इलाज हटा के अस्पताल में ही चल रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह हादसा तेज रफ्तार और वाहन चलाने में बरती गई लापरवाही की वजह से हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link