Last Updated:
Gwalior News: पीड़िता का आरोप है कि हाल ही में उसके पति ने तीसरी शादी कर ली है. तीसरी पत्नी मुस्लिम है. उसका पति दिल्ली से लड़कियों को लाकर अनैतिक काम भी करा रहा है. पुलिस पीड़िता के आरोपों की जांच कर रही है.
पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है.
रिपोर्ट- सुशील कौशिक, ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक पत्नी ने अपने पति पर तीन शादियां करने, उससे मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और उसे ब्लैकमेल करने के गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है. मिली जानकारी के अनुसार, ग्वालियर में रहने वाली विवाहिता ने जनसुनवाई में पुलिस को शिकायती आवेदन देते हुए बताया कि 2024 में ग्वालियर निवासी अनिकेत वर्मा से उसकी पहचान हुई थी. दोनों में प्रेम होने के बाद उन्होंने इंदौर जाकर आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी. पीड़िता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद उसे पता लगा कि उसका पति अनिकेत पहले से शादीशुदा है. उसने पहली पत्नी से तलाक लिए बिना उससे शादी रचा ली. जब उसने खोजबीन की, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. पति अनिकेत ने उसे मिलाकर तीन शादियां की हैं. हाल ही में उसने तीसरी शादी की है.
पीड़िता के मुताबिक, जब उसने तीसरी शादी का विरोध किया, तो अनिकेत उसके साथ मारपीट करने लगा और उसने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया. जब वह मायके चली गई, तो फिर अनिकेत उसके प्राइवेट फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा. वह उसे जान से मारने की धमकी देता है. इसके साथ ही पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि अनिकेत वर्मा दिल्ली से कुछ लड़कियों को ग्वालियर लाकर अनैतिक काम भी करवा रहा है. उधर पुलिस ने विवाहिता की शिकायत मिलने के बाद इस मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है.
आरोपों की जांच की जाएगी: ग्वालियर सीएसपी
ग्वालियर के सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार ने इस बारे में कहा कि विवाहिता ने अपनी शिकायत में बताया है कि अनिकेत वर्मा द्वारा उसके साथ धोखाधड़ी की गई है. आरोपी ने उसे बताया था कि वह शादीशुदा नहीं है. उनके बीच दोस्ती हुई और फिर दोनों ने शादी कर ली. विवाहिता ने बताया कि अब आरोपी ने तीसरी शादी कर ली है. तीसरी पत्नी मुस्लिम है. उसने बताया कि आरोपी के पास उसके कुछ प्राइवेट फोटो और वीडियो हैं, जिन्हें वो वायरल करने की धमकी देता है. पुलिस को शिकायती आवेदन मिल चुका है. इसकी जांच की जाएगी. आरोप सही पाए गए, तो युवक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.