दमोह जिले के तेंदूखेड़ा ब्लॉक में गुरुवार रात करीब 8:30 बजे तेज आंधी और आधे घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इस बेमौसम वर्षा से जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई, वहीं खेतों में कटाई के लिए तैयार खड़ी रबी फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। आंधी के कारण क्षेत्र के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी पूरी तरह बाधित रही। खेतों में कटी रखी फसलें भीगी वर्तमान में क्षेत्र में गेहूं, चना और मसूर की कटाई का कार्य चरम पर है। किसान कमल नारायण यादव और राजकुमार लोधी के अनुसार, कई किसानों ने फसल काटकर खेतों में ही रखी है, जो इस बारिश में भीग गई है। किसानों का कहना है कि यदि बादल छाए रहते हैं और दोबारा बारिश होती है, तो अनाज की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। तेजगढ़ और तेंदूखेड़ा में आधे घंटे बरसात गुरुवार शाम पहले तेजगढ़ में धूलभरी आंधी चली, जिसके बाद तेंदूखेड़ा मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में तेज बारिश शुरू हुई। सड़कों पर पानी भरने से आवागमन में असुविधा हुई, हालांकि उमस भरी गर्मी से लोगों को फौरी राहत मिली है। किसानों ने इस स्थिति को ‘आफत की बारिश’ करार दिया है क्योंकि कटाई का सीजन अंतिम दौर में है। आंधी से चरमराई बिजली व्यवस्था, जनजीवन प्रभावित बारिश से पहले चली तेज आंधी के कारण विद्युत लाइनों में फॉल्ट आने से तेंदूखेड़ा ब्लॉक की बिजली व्यवस्था ठप हो गई। रात के समय अचानक हुई इस बारिश ने खलिहानों में रखे अनाज को सुरक्षित करने की जद्दोजहद बढ़ा दी है। कृषि विशेषज्ञों ने बताया कि इस समय की बारिश से कटी हुई फसलों में चमक कम होने और दाने काले पड़ने का खतरा बढ़ जाता है।
Source link