एक्सेल वीकल्स प्राइवेट लिमिटेड ने की 42 करोड़ की धोखाधड़ी: ईडी ने भोपाल की विशेष अदालत में दायर किया केस, 12.62 करोड़ की प्रॉपर्टी अटैच – Bhopal News

एक्सेल वीकल्स प्राइवेट लिमिटेड ने की 42 करोड़ की धोखाधड़ी:  ईडी ने भोपाल की विशेष अदालत में दायर किया केस, 12.62 करोड़ की प्रॉपर्टी अटैच – Bhopal News




बैंक ऑफ इंडिया से 42 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के मामले में मेसर्स एक्सेल वीकल्स प्राइवेट लिमिटेड और उसके डायरेक्टर्स के खिलाफ भोपाल की विशेष अदालत में केस दायर किया गया है। ईडी ने यह केस सीबीआई की एफआईआर के आधार पर जांच के दायरे में लेकर भोपाल की कोलार तहसील में मौजूद 12.62 करोड़ रुपए की कृषि भूमि और व्यवसायिक भवन को अटैच भी किया है। ईडी की जांच में इस कंपनी द्वारा नियमों को दरकिनार कर मनी ट्रांजेक्शन किया जाना भी पाया गया है। भोपाल ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में मेसर्स एक्सेल वीकल्स प्राइवेट लिमिटेड और उसके डायरेक्टर्स के खिलाफ विशेष न्यायालय भोपाल में अभियोजन शिकायत (Prosecution Complaint) पेश की है। ईडी के अनुसार यह जांच सीबीआई की एंटी करप्शन ब्यूरो टीम भोपाल द्वारा दर्ज FIR के आधार पर शुरू की गई थी। इसमें पाया गया था कि कंपनी और उसके डायरेक्टर्स ने बैंक ऑफ इंडिया को लगभग 42 करोड़ रुपए का नुकसान पहुंचाते हुए धोखाधड़ी की। जांच में सामने आई धोखाधड़ी ईडी की जांच में सामने आया कि कंपनी ने बैंक से ऋण लेने के लिए गिरवी रखी संपत्तियों के बारे में गलत जानकारी दी और कोटक महिन्द्रा बैंक के साथ पहले से मौजूद चार्ज को छिपाया। साथ ही कंपनी के खातों से बड़ी मात्रा में धनराशि को संबंधित कंपनियों और अन्य इकाइयों में बिना वैध व्यावसायिक कारण के ट्रांसफर किया गया, जिससे फंड डायवर्जन और मनी लॉन्ड्रिंग के संकेत मिले। ईडी द्वारा मनी लांड्रिंग की जांच के दौरान 6 नवंबर 2024 को की गई सर्चिंग में करीब 109.90 लाख रुपए की नकदी और आभूषण जब्त किए गए। इससे पहले ईडी ने लगभग 12.62 करोड़ रुपए मूल्य की दो अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच किया था, जिनमें कोलार तहसील में स्थित कृषि भूमि और एक व्यावसायिक प्लॉट शामिल हैं। इस मामले में सीबीआई पहले ही 20 दिसंबर 2022 को इंदौर की विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। फिलहाल जांच जारी है।



Source link