पहली पत्नी की गला दबाकर हत्या, लाश जंगल में फेंकी: साथ में रहने का दबाव बनाने पर मार डाला, आरोपी गिरफ्तार – Singrauli News

पहली पत्नी की गला दबाकर हत्या, लाश जंगल में फेंकी:  साथ में रहने का दबाव बनाने पर मार डाला, आरोपी गिरफ्तार – Singrauli News




सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के पिडरवाह-चितरवई जंगल में मिली महिला की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। शनिवार को पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतका के पति जहरूद्दीन अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस को 17 मार्च 2026 को सूचना मिली थी कि पिडरवाह के जंगलों में एक महिला का करीब 6-7 दिन पुराना सड़ा-गला शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा किया और शव के पास मिले सामान के आधार पर महिला की शिनाख्त की। हालत ज्यादा खराब होने के कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए रीवा भेजा गया था। दूसरी शादी बनी कत्ल की वजह पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी जहरूद्दीन अंसारी (32) ने दो साल पहले दूसरी शादी कर ली थी, जिससे उसकी पहली पत्नी के साथ अक्सर झगड़ा होता था। पहली पत्नी बैढ़न के माजन मोड़ पर किराए के कमरे में रहती थी और वह जहरूद्दीन पर साथ रहने के लिए लगातार दबाव बना रही थी। योजनाबद्ध तरीके से की हत्या बरगवां थाना प्रभारी मोहम्मद समीर के मुताबिक, आरोपी ने 13 मार्च को अपनी पहली पत्नी को ठिकाने लगाने की साजिश रची। वह उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर सुनसान जंगल ले गया और वहां गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। सबूत मिटाने के इरादे से उसने पत्नी का मोबाइल काचन डैम की नहर में फेंक दिया और खुद फरार हो गया। पुलिस की कार्रवाई पुलिस ने पूछताछ के बाद जहरूद्दीन को हिरासत में लिया। सख्ती बरतने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और अन्य सामान भी बरामद कर लिया है।



Source link