Last Updated:
Jabalpur Flyover Video: वायरल वीडियो में साफ दिख रहा कि युवक फ्लाईओवर की दीवार पर पैदल चल रहा है. वहीं, उसकी पत्नी नीचे खड़े होकर बड़े इत्मीनान से पति का वीडियो शूट कर रही है. पास से गुजर रहे एक राहगीर ने इस पूरी घटना को अपने कैमरे में कैद कर लिया.
Jabalpur News: जबलपुर के सबसे बड़े फ्लाईओवर पर रील बनाने का भूत लोगों के सिर चढ़कर इस कदर बोल रहा है कि वे अपनी जान की परवाह तक नहीं कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो मध्य प्रदेश के सबसे बड़े फ्लाईओवर का है, जहां एक शख्स फ्लाईओवर की बेहद पतली बाउंड्री वॉल के ऊपर चढ़कर खतरनाक स्टंट करता नजर आ रहा है. सबसे हैरान करने वाली बात ये कि इस जानलेवा स्टंट के दौरान उसकी पत्नी और एक छोटा बच्चा भी साथ मौजूद हैं.
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा कि युवक फ्लाईओवर की दीवार पर पैदल चल रहा है. वहीं, उसकी पत्नी नीचे खड़े होकर बड़े इत्मीनान से पति का वीडियो शूट कर रही है. पास से गुजर रहे एक राहगीर ने इस पूरी घटना को अपने कैमरे में कैद कर लिया. इसमें वह वीडियो बनाते हुए आगाह भी कर रहा है कि थोड़ा सा भी संतुलन बिगड़ने पर जान जा सकती है. ये वीडियो उन सभी लोगों के लिए सबक है जो शौक-शौक में ऐसी गलती कर रहे हैं.
फिलहाल यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग जबलपुर पुलिस को टैग कर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. कमेंट सेक्शन में यूजर ‘राधे’ ने लिखा कि वीडियो बनाने के बजाय पुलिस को सूचना देनी चाहिए थी, वहीं अन्य लोग इसे ‘सुसाइडल स्टंट’ करार दे रहे हैं. प्रशासन के लिए अब यह बड़ी चुनौती है कि आखिर कैसे इस फ्लाईओवर पर रीलबाजों की इन जानलेवा हरकतों पर लगाम लगाई जाए क्योंकि इससे पहले भी कई स्टंटबाजी के वीडियो एमपी के सबसे बड़े फ्लाईओवर से सामने आ चुके हैं.
कुछ दिन पहले हो चुकी एक मौत
बता दें कि कुछ दिन पहले ही इसी फ्लाईओवर से नीचे गिरने के कारण एक शख्स की दर्दनाक मौत भी हुई थी. इसके बावजूद लोग सबक लेने को तैयार नहीं हैं, जबकि इसके पहले फ्लाईओवर में तेज रफ्तार कार में चढ़कर स्टंट, बर्थडे केक काटकर वीडियो, फ्लाईओवर में आतिशबाजी, ड्रिंक करते लोग, टॉयलेट करने जैसी तमाम वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो चुकी हैं और पुलिस इन पर जुर्माना भी लगा चुकी है. बावजूद इसके इस तरह के अजीबोगरीब नजारे और लापरवाही की तस्वीरें सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें