Last Updated:
Katni Railway Station News: कटनी रेलवे स्टेशन पर सोमवार को अजीब घटना घटी. यहां एक युवक ट्रेन के नीचे छिपकर बैठक गया. करीब डेढ़ घंटे तक छिपा रहा. उसे निकालने की कोशिश करते तो हमला कर देता. देखें घटना का Video
कटनी में ट्रेन के नीचे घंटों छिपा रहा युवक.
Katni News: मध्य प्रदेश के कटनी मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर सोमवार को रोमांचक घटना ने सबको हिला दिया. ट्रेन नंबर 01144 दानापुर-मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) एक्सप्रेस के नीचे एक व्यक्ति अचानक घुस गया. ट्रेन जब स्टेशन पर रुकी तब वह व्यक्ति ट्रेन के डिब्बों की कपलिंग (जोड़) के नीचे, पहियों के पास छिपकर बैठ गया. इसकी सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया.
डेढ़ घंटे तक चली जद्दोजहद
रेलवे का कमर्शियल स्टाफ, आरपीएफ, जीआरपी और अधिकृत वेंडर तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने व्यक्ति को बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास शुरू किए, लेकिन वह लगातार विरोध करता रहा. हाथ में डंडा लेकर निकालने वालों पर हमला करने की कोशिश की और बाहर आने से इनकार करता रहा. करीब डेढ़ घंटे तक चले इस ऑपरेशन में उस पर पानी की बौछार भी डाली गई, लेकिन वह नहीं माना. आखिरकार रेलवे कर्मचारियों की कड़ी मशक्कत और टीमवर्क से व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
अस्पताल में चल रहा इलाज
इस पूरे घटनाक्रम के कारण 01144 दानापुर-मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस लगभग 2 घंटे की देरी से रवाना हो सकी. यात्रियों को भारी असुविधा हुई, कई लोग प्लेटफॉर्म पर इंतजार करते रहे और कुछ ने अपनी यात्रा में बदलाव किया. ट्रेन के नीचे से निकाले गए व्यक्ति को तत्काल आरपीएफ की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका प्राथमिक इलाज चल रहा है. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है कि वह ट्रेन के नीचे क्यों घुसा था.
पूरा स्टाफ लगा, तब निकला
कटनी स्टेशन मास्टर संजय दुबे ने बताया, प्रारंभिक जांच में युवक के मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या का संकेत मिल रहा है. लेकिन आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है. ऐसी घटनाओं से ट्रेन संचालन प्रभावित होता है और यात्रियों की सुरक्षा को खतरा पैदा होता है. बताया स्टेशन का पूरा स्टाफ उसको निकालने में लगा रहा. इस चक्कर में ट्रेन करीब 2 घंटे की देरी से रवाना हुई.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें