सीधी शहर के पास ग्राम सोनवर्षा में गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे नेशनल हाईवे-39 पर एक सड़क हादसा हो गया। यहां सड़क किनारे खड़ी एक बस को तेज रफ्तार बलकर ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक MP19 P 7090 (पुरुस्वानी) पिछले दो दिनों से खराब होकर सड़क किनारे खड़ी थी। व्यस्त मार्ग होने के बावजूद बस को हटाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। गुरुवार दोपहर तेज गति से आ रही बलकर क्रमांक MP19 ZP 7762 ने इसी खड़ी बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और हाईवे पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। हादसे के बाद NH-39 के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीरों और यात्रियों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही जमोड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से यातायात बहाल करने के प्रयास किए गए। थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Source link