झाबुआ जिला पंचायत अध्यक्ष सोनल जसवंतसिंह भाभर के सरकारी आवास में चोरी हो गई है। अज्ञात बदमाशों ने शहर के राजगढ़ नाका स्थित शासकीय बंगले का ताला तोड़कर एक प्रिंटर चुरा लिया। घटना का पता तब चला जब शनिवार सुबह सफाईकर्मी कोकिला बाई बसोड बंगले पर पहुंचीं और दरवाजा टूटा हुआ पाया। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना अध्यक्ष के निजी सहायक रणजीतसिंह डामोर को दी। डामोर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया। चोरी की यह घटना उस समय हुई जब अध्यक्ष भाभर अपने परिवार के साथ नवरात्रि पूजन के लिए थांदला गई हुई थीं। इस घटना के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष ने प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर नाराजगी व्यक्त की है। बोलीं- ये चौथी बड़ी घटना भाभर ने बताया कि पिछले चार सालों में उनके परिवार के साथ यह चौथी बड़ी घटना है। इसमें वाहन चोरी से लेकर पथराव तक की घटनाएं शामिल हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी मामले का सुराग नहीं लगा पाई है। उन्होंने शासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें केवल बंगला आवंटित किया गया है, जबकि वहां सुरक्षा के लिए न तो कोई चौकीदार तैनात है और न ही अन्य स्टाफ की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा न देने का लगाया आरोप अध्यक्ष ने अपनी सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जब जिले के प्रथम नागरिक का घर ही सुरक्षित नहीं है, तो आम आदमी की सुरक्षा की स्थिति क्या होगी। उन्होंने यह भी अंदेशा जताया कि बंगले से केवल प्रिंटर चोरी होना इस बात की ओर इशारा करता है कि बदमाशों का मकसद शायद कुछ और था। अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि यदि शासन उन्हें सुरक्षा नहीं दे सकता, तो वह उनका बंगला और ऑफिस वापस ले ले। फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source link