Last Updated:
Hanuman Janmotsav 2026: हनुमान जयंती के पावन पर्व पर बजरंगबली को सिंदूर का चोला अर्पित करने के बाद सिंदूर का दान करना भी बेहद शुभ माना जाता है. ध्यान रहे कि इस्तेमाल किया हुआ नहीं बल्कि बाजार से नया सिंदूर ही दान करें.
उज्जैन. हिंदू धर्म में हनुमान जयंती का पर्व अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है. यह दिन भगवान श्रीराम के परम भक्त, बल, बुद्धि और भक्ति के प्रतीक हनुमान जी के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है. मान्यता है कि उनका अवतार चैत्र शुक्ल पूर्णिमा को हुआ था, इसलिए यह तिथि विशेष महत्व रखती है. इस अवसर पर भक्त व्रत रखते हैं और पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं. मंदिरों में विशेष आयोजन, भजन-कीर्तन और सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाता है, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठता है. श्रद्धालु हनुमान जी से शक्ति, साहस और संकटों से मुक्ति का आशीर्वाद मांगते हैं. ऐसा माना जाता है कि इस दिन सच्चे मन से की गई पूजा और दान-पुण्य से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि का आगमन होता है. उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज के अनुसार, इस दिन अगर कुछ विशेष रूप से दान-पुण्य कर लिया जाए, तो हनुमान जी महाराज की विशेष कृपा प्राप्त होती है.
वैदिक पंचांग के अनुसार, चैत्र माह की पूर्णिमा तिथि एक अप्रैल 2026 को सुबह 7 बजकर 6 मिनट पर शुरू होगी और दो अप्रैल पर सुबह 7 बजकर 41 मिनट पर समाप्त होगी. ऐसे में उदयातिथि के अनुसार इस साल चैत्र पूर्णिमा दो अप्रैल को मनाई जाएगी और हनुमान जयंती का पर्व भी दो अप्रैल को मनाया जाएगा.
हनुमान जयंती पर जरूर करें ये दान
1. हनुमान जयंती के पावन अवसर पर हल्दी का दान करना अत्यंत शुभ माना जाता है. यह उपाय जीवन में सकारात्मक ऊर्जा लाता है और आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में सहायक होता है. मान्यता है कि इससे घर में सुख-समृद्धि बढ़ती है और शुभ कार्यों के मार्ग खुलते हैं. इस दिन किया गया छोटा सा दान भी बड़ा फल देता है.
2. हनुमान जयंती के पावन अवसर पर अन्न का दान अत्यंत शुभ और फलदायी माना जाता है. मान्यता है कि इस दिन जरूरतमंदों को अनाज देने से घर में कभी आर्थिक कमी नहीं आती और समृद्धि बनी रहती है. साथ ही आय के नए रास्ते भी खुलते हैं. अन्नदान से मां अन्नपूर्णा की कृपा प्राप्त होती है, जिससे जीवन में सुख-शांति और खुशहाली आती है.
3. हनुमान जी को लड्डू अत्यंत प्रिय माने जाते हैं, इसलिए उनका भोग अर्पित करने से वह शीघ्र प्रसन्न होते हैं. ज्योतिष के अनुसार, यदि लंबे समय से प्रमोशन में बाधा आ रही हो, तो हनुमान जयंती के दिन मंदिर में जाकर बेसन के लड्डू चढ़ाएं और दान करें. इससे बजरंगबली की कृपा प्राप्त होती है, करियर में उन्नति के मार्ग खुलते हैं और आय में वृद्धि के योग बनते हैं.
4. हनुमान जयंती के पावन अवसर पर हनुमान जी को सिंदूर का चोला अर्पित करने के बाद सिंदूर का दान करना भी अत्यंत शुभ माना जाता है. ध्यान रखें कि उपयोग किया हुआ नहीं बल्कि बाजार से नया सिंदूर ही दान करें. साथ ही लाल नहीं बल्कि नारंगी सिंदूर अर्पित करें. ऐसा करने से बजरंगबली प्रसन्न होकर भक्तों पर विशेष कृपा बरसाते हैं.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.