बुरहानपुर में सोमवार शाम कांग्रेस नेताओं ने गैस सिलेंडर, बिजली दरों में वृद्धि और पेट्रोल-डीजल की कमी के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारी नेताओं ने गैस सिलेंडर के मूल्यों में वृद्धि, अपर्याप्त उपलब्धता और बिजली दरों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने पेट्रोल और डीजल की कमी का मुद्दा भी उठाया। शहर कांग्रेस प्रवक्ता शेख रूस्तम ने कहा कि महंगाई से आम आदमी पहले से ही प्रभावित है। गैस सिलेंडर और बिजली दरों में वृद्धि से उनका जीवनयापन और मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि बुरहानपुर में हजारों पावरलूम बुनकर हैं, जिनकी आजीविका बिजली दरों में वृद्धि से प्रभावित हुई है। मूल्यवृद्धि वापस लेने की मांग की
रूस्तम ने यह भी आरोप लगाया कि गैस एजेंसियां समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं करा रही हैं, जिससे कालाबाजारी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि केरोसीन पहले ही बंद कर दिया गया है, और अब सरकार इसे पेट्रोल-डीजल से भी अधिक दाम पर राशन की दुकानों से बेचने पर आमादा है। नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रिंकू टाक ने सरकार से मूल्यवृद्धि वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर तत्काल आमजन को उपलब्ध कराए जाएं और बिजली दरों में प्रस्तावित वृद्धि रोकी जाए। टाक ने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो कांग्रेस भविष्य में आंदोलन करेगी। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
Source link