Last Updated:
Cameron Green IPL Bowling: केकेआर आईपीएल 2026 के अपने पहले ही मैच में तीन बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस से हार गई, जिसने 221 रन के लक्ष्य को छह विकेट शेष रहते और पांच गेंदें शेष रहते हासिल कर लिया. इस हार के बाद अजिंक्य रहाणे के उस बयान पर बखेड़ा खड़ा हो गया, जो उन्होंने ग्रीन के बॉलिंग न करने पर दिया था.
अंबाती रायुडू ने कैमरन ग्रीन पर खुलकर अपनी बात रखी है
नई दिल्ली: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का कहना है कि आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले ही ये तय था कि कैमरन ग्रीन 10-12 दिन तक गेंदबाजी नहीं करेंगे. कोलकाता नाइटराइडर्स को इस बारे में बताया जा चुका था. ये सारा विवाद तब शुरू हुआ, जब मुंबई इंडियंस के खिलाफ केकेआर 220 रन का पहाड़ जैसा टोटल भी चेज नहीं कर पाई और पूरी तरह सरेंडर कर बैठी. कप्तान रहाणे ने मैच के बाद जवाब दिया कि ग्रीन ने बॉलिंग क्यों नहीं कि ये जाकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछो.
कब तक बॉलिंग नहीं करेंगे कैमरन ग्रीन?
अगर केकेआर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की समय-सीमा का पालन करता है, तो आईपीएल के शुरुआती चार मैचों में ग्रीन के गेंदबाजी करने की संभावना कम है. इसके बावजूद अगर उन्हें प्लेइंग इलेवन में चुना जाता है तो वह लगभग 9 अप्रैल तक होने सनराइजर्स हैदराबाद, पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ सिर्फ एक एक्सपर्ट बल्लेबाज के रूप में खेलेंगे.
पहले ही कमजोर लग रही केकेआर की बॉलिंग
कोलकाता नाइटराइडर्स पहले से ही हर्षित राणा और मथीशा पथिराना जैसे बॉलर्स को चोट के चलते खो चुकी है. टीम को अपने एक अहम खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को भी विवादों के चलते हटाना पड़ा था. ऐसे में कैमरन ग्रीन का भी बॉलिंग न करना तीन बार की चैंपियन टीम के लिए किसी झटके से कम नहीं.
रायुडू ने जमकर निकाली भड़ास
पूर्व भारतीय बल्लेबाज अंबाती रायडू इस घटनाक्रम से बेहद नाराज हैं और उनका कहना है कि नीलामी में खिलाड़ियों के चयन के बाद अंतरराष्ट्रीय बोर्ड फ्रेंचाइजी को निर्देश नहीं दे सकते. रायुडू ने ईएसपीएनक्रिकइंफो के ‘टाइमआउट’ कार्यक्रम में कहा:
वह कवर ड्राइव खेल सकते हैं या नहीं? हो सकता है कि उनकी कोहनी में चोट लग जाए. हो सकता है कि उन्हें सिर्फ गेंद को फ्लिक करना चाहिए. यह बिल्कुल बेतुका है. जब कोई खिलाड़ी किसी टूर्नामेंट में खेलने आता है और आप उसे बताते हैं कि आपको ये करना है और ये नहीं तो यह सरासर बकवास है. पेशेवर माहौल में ऐसा नहीं हो सकता. मुझे लगता है कि यह खिलाड़ी पर निर्भर होना चाहिए. अगर वह पेशेवर खिलाड़ी के तौर पर खेल रहा है, तो उसे अपनी क्षमता के अनुसार सब कुछ करने का अधिकार होना चाहिए. खिलाड़ी ही सबसे अच्छा निर्णायक होता है.
ग्रीन के बॉलिंग न करने वाले बयान पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने रहाणे को लताड़ा
लंबे वक्त से इंजरी से जूझ रहे हैं कैमरन ग्रीन
पीठ के निचले हिस्से की सर्जरी के बाद से कैमरन ग्रीन ने बहुत कम गेंदबाजी की है, उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ डब्ल्यूटीसी फाइनल में गेंदबाजी नहीं की और पांच मैचों की एशेज सीरीज में सिर्फ 62 ओवर फेंके.
About the Author
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें