सतना जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र के मोरा गांव में एक प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव गांव के उसरहा हार स्थित जंगल में एक नीम के पेड़ पर एक ही फंदे से लटके मिले। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, छोटे पाल की बेटी अंजली पाल 29-30 मार्च की रात करीब 1:30 बजे अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चला। 30 मार्च की रात लगभग 9 बजे ग्रामीणों ने उसरहा हार के जंगल में एक पेड़ पर अंजली पाल और रामभजन गोंड के शव लटके होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही सिंहपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पेड़ से नीचे उतरवाया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजन रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहे थे
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अंजली और रामभजन के बीच प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि उनके परिजन इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहे थे। परिजनों ने पुलिस को भी इस संबंध पर अपनी आपत्ति बताई है, हालांकि उन्होंने किसी अन्य प्रकार के संदेह से इनकार किया है। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अजय अहिरवार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस इस घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है और सभी पहलुओं की विवेचना कर रही है।
Source link