भिंड जिले में बीते दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मंगलवार को सुबह हल्की धूप निकली, लेकिन दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही। बादलों और धूप के बीच लुका-छिपी का सिलसिला चलता रहा। शाम होते-होते हवा शांत हो गई और आसमान में घने बादल छा गए। रात करीब 8 बजे के बाद शहर सहित जिले के अलग-अलग इलाकों में कहीं रिमझिम तो कहीं तेज बारिश दर्ज की गई। खेतों में तैयार खड़ी फसल, बढ़ा नुकसान का खतरा इस समय जिले में गेहूं, सरसों, चना, मटर और मसूर की फसल पककर तैयार खड़ी है। कुछ किसानों ने फसल काट ली है, लेकिन अधिकांश खेतों में अभी भी फसल खड़ी है। किसानों का कहना है कि अगर बारिश का सिलसिला जारी रहा तो खड़ी फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। खासतौर पर गेहूं और दलहनी फसलों पर इसका सीधा असर पड़ेगा। खलिहानों और खेतों में रखी कटी फसल के भी भीगने का खतरा बना हुआ है। मौसम सुहावना जरूर हुआ है, लेकिन किसान अब मौसम साफ होने की उम्मीद में आसमान की ओर टकटकी लगाए हैं।
Source link